रोसड़ा में राजद द्वारा विधान सभा स्तरीय सामाजिक न्याय परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया*

*रोसड़ा में राजद द्वारा विधान सभा स्तरीय सामाजिक न्याय परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया*

संजय भारती

समस्तीपुर। रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र के खैरा में राजद द्वारा विधानसभा स्तरीय सामाजिक न्याय परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सह राजद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव मोo अब्दुल बारी सिद्दकी ने कहा कि हम सब को सामाजिक न्याय का अधिकार कर्पूरी ठाकुर व लालू यादव ने दिया। लालू प्रसाद ने 90 की शुरूआत में यह साबित किया कि जमात की राजनीति से अभिजात्य वर्ग के वर्चस्व को चुनौती देकर समाज में समता व बंधुत्व को स्थापित किया जा सकता है। मानसिक शोषण व गुलामी से बहुत हद तक निजात दिलाने में वे क़ामयाब रहे। आरएसएस की उन्मादी, सांप्रदायिक, विभाजनकारी व राष्ट्रभंजक राजनीति करने वालों के ख़िलाफ़ खड़ी होने वाली लोकतांत्रिक शक्तियों की भूमिका व उनके संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक शक्तियों के ख़िलाफ़ अचल-अडिग डटे रहने वाले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व देश के पूर्व रेलमंत्री लालू प्रसाद बिना डिगे फ़िरकापरस्ती से जूझने का माद्दा रखने वाले, पत्थर तोड़ने वाली भगवतिया देवी, जयनारायण निषाद, ब्रह्मानंद पासवान आदि को संसद भेजने वाले, खगड़िया स्टेशन पर बीड़ी बनाने वाले विद्यासागर निषाद को मंत्री बनाने वाले, बिहार जैसे पिछड़े सूबे में समाज के बड़े हिस्से के युवाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने हेतु 6 नये विश्वविद्यालय खोलने का काम लालू प्रसाद यादव ने किया। वहीं राजद संसदीय दल के नेता सांसद अभय कुशवाहा ने कहा कि गरीबों के मसीहा, सामाजिक न्याय के पुरोधा व जन-जन की आवाज लालू यादव सबके चेहते हैं। लालू प्रसाद यादव जैसे जननायक विरले ही इस धरती पर पैदा होते हैं। राजनीति में उनका अमूल्य योगदान है, जो कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। वहीं जिला राजद अध्यक्ष रोमा भारती ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल सामाजिक न्याय, कौमी एकता, प्रेम व भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा तथा उसके गठबंधन की पार्टियां नफरत की राजनीति करती है। केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग केन्द्र सरकार द्वारा अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ किया जा रहा है, जो न्यायसंगत नहीं है। इतिहास कभी भाजपा को माफ नहीं करेगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजद के जिला उपाध्यक्ष ललन यादव ने संगठित होने, संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश में जातीय जनगणना की घोषणा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव तथा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के संघर्ष का प्रतिफल है। परिचर्चा को संबोधित करते हुए राजद के एससी/एसटी जिलाध्यक्ष सत्यविन्द पासवान ने सामाजिक न्याय पर प्रकाश डाला। उन्होंने सामाजिक न्याय तथा कौमी एकता की धारा को मजबूती प्रदान करने हेतु अपने सक्रिय भूमिका का निर्वहन करने का आग्रह कार्यकर्ता से किया। सामाजिक न्याय परिचर्चा को राजद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव मोo अब्दुल बारी सिद्दकी, सांसद अभय कुशवाहा, राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती, राजद जिला उपाध्यक्ष ललन यादव, प्रांतीय नेत्री उर्मिला सिंहा, राजद अनुo जाति/जनजाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सत्यविन्द पासवान समेत दर्जनों नेताओं ने संबोधित किया।

Leave a Comment

error: Content is protected !!