



*धर्मियों के लिए राम, विधर्मियों के लिए परशुराम बनने की है आवश्यकता : आशुतोष कुमार*
*भगवान परशुराम जयंती पर भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच फाउंडेशन का भव्य आयोजन, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल*
शेखपुरा/पटना, 29 अप्रैल 2025 : शेखपुरा जिला स्थित सुंदर सिंह महाविद्यालय, मेहुस में भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच फाउंडेशन के बैनर तले भगवान परशुराम जयंती का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में परशुराम भक्तों की भागीदारी रही। आयोजन में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष कुमार, चतरा सांसद कालिचरण सिंह, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, पूर्व विधायक रणधीर कुमार सोनी समेत कई प्रमुख नेता एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “अब समय त्याग का नहीं, प्रहार का है। हमें अपने अधिकारों के लिए जागरूक और सशक्त होना होगा।” उन्होंने आगे कहा कि “धर्मियों के लिए हमें राम बनना है, लेकिन विधर्मियों के लिए परशुराम बनना आवश्यक है।” आशुतोष कुमार ने केंद्र सरकार से राष्ट्रवादी नागरिकों को आत्मरक्षा हेतु हथियार रखने की इजराइल जैसे देशों की तर्ज पर अनुमति देने की मांग की।
उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “राष्ट्र की सुरक्षा के लिए केवल शास्त्र नहीं, शस्त्र की भी पूजा होनी चाहिए।” उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र में वोट की ताकत को समझने और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भगवान परशुराम के आदर्श आज भी समाज को संगठित करने और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देते हैं। चतरा सांसद काली चरण सिंह ने सभा में जोर देते हुए कहा कि हमारे समाज को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर अपनी ताकत का अहसास कराना होगा। वहीं सारठ विधायक उदय शंकर सिंह ने कहा कि यदि हम भगवान परशुराम के मार्गदर्शन का पालन करें, तो समाज को सशक्त और समृद्ध बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं संगठन के राष्ट्रीय महासचिव गौतम कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि भगवान परशुराम के आदर्शों पर चलकर ही अन्याय और अत्याचार का मुकाबला किया जा सकता है।
इससे पहले शेखपुरा के श्रीकृष्ण सिंह चौक, बरबीघा से निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र का ध्यान आकर्षित किया, जो गंगटी मोड़, कुटौत, कुसेढ़ी होते हुए महाविद्यालय परिसर में विशाल जनसभा में तब्दील हो गई। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु, संगठन कार्यकर्ता और परशुराम अनुयायी शामिल हुए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष नित्यानंद सिंह, मनोज सिंह, गौरव सिंह, रितेश कुमार, अंशु कुमार, अभिषेक, दीपू समेत कई कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही। इस अवसर पर लोकगायक शिवेश मिश्रा, भाजपा नेता राहुल यादव (नोएडा), किशलय किशोर, और मुखिया रवि रंजन कुमार जैसे कई युवा चेहरों की उपस्थिति से माहौल और भी ऊर्जावान रहा।