महिला संवाद कार्यक्रम में जीविका दीदियों की जोशभरी भागीदारी, रखी अपनी मांगें

महिला संवाद कार्यक्रम में जीविका दीदियों की जोशभरी भागीदारी, रखी अपनी मांगें

बिथान (समस्तीपुर)।
बिथान प्रखंड के बीपीआईयू अंतर्गत राम रहीम जीविका महिला संकुल संघ जगमोहरा के तहत सभी पंचायतों में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से जीविका दीदियों को बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, महिलाएं अपनी समस्याएं और मांगें भी कार्यक्रम में खुलकर रख रही हैं।

कार्यक्रम में भाग ले रहीं कंचन दीदी ने बताया कि उन्होंने स्वयं सहायता समूह से ऋण लेकर अपना व्यवसाय शुरू किया है और अब नियमित रूप से मात्र एक रुपये प्रति सैकड़ा की दर से किश्त जमा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से वे आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं और परिवार के साथ सम्मानजनक जीवन जी रही हैं।

कार्यक्रम में जीविका दीदियों ने गांव की बुनियादी समस्याओं को भी उठाया। उन्होंने सरकार से मांग की कि गांव में जलापूर्ति की स्थिति सुधारी जाए क्योंकि कई स्थानों पर नल तो हैं लेकिन उनमें पानी नहीं आता है।

BPM हेमंत कुमार पासवान ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के अधीन ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) के तहत राज्य के सभी प्रखंडों में इस परियोजना का संचालन किया जा रहा है। जीविका का शुभारंभ 2006 में हुआ था, जिसका उद्देश्य महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि इन समूहों के माध्यम से दीदियों को सूक्ष्म ऋण और वित्तीय सहयोग प्रदान किया जाता है, जिससे वे स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।

AC कुंतल कुमार ने कहा कि महिलाओं की उन्नति ही बिहार की प्रगति का आधार है। जीविका समूहों के माध्यम से महिलाओं को जागरूक कर उनके निर्णय लेने की क्षमता को विकसित किया जा रहा है। उन्होंने सभी दीदियों से कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका योजना, मुख्यमंत्री किशोरी स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए वे सजग रहें।

CC दिनेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए समूहों का गठन किया गया है। पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है, जिसका लाभ लेने के लिए महिलाओं को समूह और वीओ की बैठकों में भाग लेना चाहिए, क्योंकि वहीं से अधिक जानकारी मिलती है।

ग्राम संगठन की अध्यक्ष वीणा देवी ने सरकार से मांग की कि सीएम दीदी और आरजीबी दीदी के लिए ड्रेस कोड निर्धारित किया जाए। साथ ही, समूह और ग्राम संगठन के प्रतिनिधियों को छोटा सा पारिश्रमिक या मजदूरी भी दिया जाए। इसके अलावा, सीएम दीदी के मानदेय में भी वृद्धि की मांग की गई।

कार्यक्रम में CC कौशलेंद्र कुमार, सौरभ कुमार, MBK अनुराधा कुमारी, CF रेणु कुमारी, CNMRP मधुमाला कुमारी, SEW सुमन कुमारी, CNRP सकीना कुमारी, BK शत्रुघ्न प्रसाद गुप्ता, विजय कुमार, CM मनीषा देवी, वीणा देवी, मंजू देवी, सुनेखा देवी, किरण देवी, सीता देवी, ममता देवी, पिंकी देवी सहित कई जीविका दीदियाँ मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से यह स्पष्ट हुआ कि वे अब अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं और सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन को सशक्त बना रही हैं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!