



दरभंगा में भी मिली दो पाकिस्तानी महिला
बिहार के दरभंगा जिले में दो पाकिस्तानी महिलाएं लंबे समय से वीजा पर रह रही हैं। ये महिलाएं जाले और सकतपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनके पास लांग टर्म वीजा है और उन्होंने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन किया है। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने जांच के बाद विभाग को इसकी जानकारी भेज दी है।
दरअसल, दरभंगा जिले में दो पाकिस्तानी महिलाओं के लंबे समय से वीजा पर रहने की खबर सामने आई है। पहली महिला जाले थाना क्षेत्र के काजी बहेड़ा गांव की रहने वाली खैरुल खोला हैं। वह विलाल आबदी की पत्नी हैं। बताया जा रहा है कि वह पाकिस्तान की रहने वाली हैं। उनके परिवार ने बताया कि वह लांग टर्म वीजा पर हैं और उन्होंने भारतीय नागरिकता के लिए अर्जी दी है।
दूसरी महिला सकतपुर थाना क्षेत्र के खखोरा गांव की रहने वाली आबदा परवीन हैं। वह नसीम की पत्नी हैं। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों के परिवार को सूचना दी गई थी। परिवार वालों ने लांग टर्म वीजा के कागजात दिखाए हैं। इसलिए इन महिलाओं को पाकिस्तान वापस भेजने का आदेश लागू नहीं होता है।
बताया जाता है कि विलाल की पत्नी खैरुल खोला मूल रूप से पाकिस्तान की रहने वाली हैं। उनकी शादी दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के काजी बहेड़ा गांव के विलाल आबदी से हुई है। वहीं, सकतपुर थाना क्षेत्र के खखोरा गांव की रहने वाली आबदा परवीन की शादी 1990 में पाकिस्तान के नसीम से हुई थी। लेकिन कुछ सालों बाद ही महिला के पति का निधन हो गया, जिसके बाद वह वापस भारत लौट आईं। आबदा परवीन ने भी भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन किया है।