



*रोसड़ा में जदयू से रामचंद्र पासवान तो भाजपा से प्रीति राज तो कॉंग्रेस से सन्नी हजारी का नाम जोरों पर चल रहा है*
संजय भारती
समस्तीपुर। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके पूर्व विधायक दिवंगत पीतांबर पासवान की पुत्रवधू प्रीति राज भाजपा में शामिल हुई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रीति राज को भाजपा में लाकर रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के असंतोष को समाप्त करने तथा युवा कांग्रेस नेता सन्नी हजारी पासवान के काट के रूप में देखा जा रहा है। रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा संगठन गुटबाजी में फंसी हुई है। रोसड़ा नगर में दो -दो नगर मंडल अध्यक्ष काम कर रहे हैं। गुटों में फंसी रोसड़ा भाजपा का एक धड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार से नाराज बताया जा रहा है। वहीं प्रखंड बीस सूत्री के गठन ने भी भाजपा में असंतोष बढ़ा दिया है। विधायक वीरेन्द्र कुमार से नाराज गुट के नेताओं ने खुलकर प्रीति राज के भाजपा में शामिल होने का स्वागत किया है। वहीं पीताम्बर पासवान के नाम पर राजद के वोट बैंक में सेंधमारी की भाजपाई कोशिश से विधायक वीरेंद्र कुमार की उम्मीदवारी पर भी खतरा मंडराने लगा है। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के वीरेन्द्र कुमार ने कांग्रेस के नागेन्द्र कुमार विकल को पटखनी दी थी। लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव में संघ से जुड़े वीरेंद्र कुमार की सर्वसुलभता भी उन पर भारी पड़ रही है। बताया जाता है कि भाजपा से जुड़े लोग भी विधायक को नापसंद कर रहे हैं। ऐसे में उनसे नाराज़ धड़ा को प्रीति राज के रूप में एक नई आशा दिखाई दे रहा है। साल 2015 के विधानसभा चुनाव में रोसड़ा की सीट महागठबंधन से कांग्रेस के खाते में गई थी। 2015 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के डॉ अशोक कुमार ने भाजपा की मंजू हजारी को पराजित कर बिहार विधानसभा पहुंचे थे। जिसे भाजपा नेतृत्व ने 2020 के विधानसभा चुनाव में मंजू हजारी का टिकट काटकर भाजपा नेता वीरेन्द्र कुमार को रोसड़ा से भाजपा का उम्मीदवार बनाया, जिसपर वीरेन्द्र कुमार ने खड़ा उतरते हुए 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के नागेन्द्र कुमार विकल को पराजित कर रोसड़ा की सीट भाजपा के झोली में डाल दिया। आगामी 2025 के चुनाव में रोसड़ा सीट को कांग्रेस के खाते का माना जा रहा है, कांग्रेस के सन्नी हजारी लोकसभा चुनाव में समस्तीपुर से महागठबंधन उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव हारने के बाद से लगातार रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क बनाए रखे हुए हैं। बताया जाता है कि सन्नी हजारी की रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र में लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। सन्नी हजारी का क्रेज रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र के युवाओं में देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में सन्नी हजारी की रोसड़ा से उम्मीदवारी की भी चर्चा जोरों पर चल रही है। भाजपा ने सन्नी हजारी के काट के रूप में प्रीति राज को देख रही है। राजनीतिक परिवारों से ताल्लुक रखने वाले सन्नी हजारी तथा प्रीति राज के अलावा भी रोसड़ा विधानसभा से टिकट के कई दावेदार शामिल हैं। जिनमें महागठबंधन के राजद कार्यकर्ता एकबार फिर रोसड़ा में लालटेन जलाना चाहते हैं। जिनमें राजद के अनुसूचित जाति के जिला अध्यक्ष सतविंद पासवान तथा किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष लालटून पासवान टिकट के दावेदारों में शामिल हैं। वहीं भाजपा से मंजु हजारी, विनय पासवान के नाम टिकट के दावेदारों में गिनाए जा रहे हैं तो जदयू से हसनपुर प्रखंड के प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सह दलित प्रकोष्ठ का जदयू के वरिष्ठ नेता रामचन्द्र पासवान का चर्चा रोसड़ा विधानसभा में जोरों पर चल रहा है। चुनावी विश्लेषकों की मानें तो रोसड़ा विधानसभा में चुनावी बिसात के शुरुआत में ही भाजपा ने राजद के कद्दावर नेता दिवंगत पीताम्बर पासवान की पुत्रवधू को अपने पाले में लाकर राजद के वोट बैंक में सेंधमारी करने में जुट गए हैं। महागठबंधन के संभावित उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस के सन्नी हजारी जनता के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। जिससे आगामी रोसड़ा विधानसभा चुनाव दिलचस्प होने के आसार बनते जा रहे हैं।