गंदगी के बीच बन रहे थे नूडल्स, सेवई के पैकेट में भरे मिले, फैक्ट्री सील; VIDEO में देखें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मध्य प्रदेश के भिंड में रक्षाबंधन के त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना खाद्य लाइसेंस संचालित हो रही नूडल्स और मोटी सेवई बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा। जांच के दौरान फैक्ट्री में गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार होती मिली। मौके से बड़ी मात्रा में तैयार नूडल्स और नूडल्स बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई। विभाग की टीम ने उत्पादन तत्काल बंद कराते हुए फैक्ट्री को सील कर दिया।

‘रियल गोल्ड मोटी सेवई’ के पैकेट में मिले नूडल्स

कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से करीब 200 कट्टे मैदा और 50 कार्टन पैक्ड नूडल्स बरामद किए गए। इसके अलावा ‘रियल गोल्ड मोटी सेवई’ के नाम से पैक किए गए ऐसे पैकेट भी मिले, जिनमें नूडल्स भरे हुए थे। प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री के पास खाद्य कारोबार के लिए आवश्यक लाइसेंस नहीं होने की बात सामने आई है।

भिंड में निर्माण, पैकेट पर ग्वालियर-झांसी का पता

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, रक्षाबंधन के मद्देनजर संदिग्ध खाद्य सामग्री को पड़ोसी जिलों में सप्लाई करने की तैयारी की जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि उत्पादों का निर्माण भिंड में किया जा रहा था, जबकि पैकेटों पर निर्माता का पता ग्वालियर और झांसी अंकित था। विभाग अब इस संबंध में भी जांच कर रहा है।

सैंपल रिपोर्ट के बाद होगी कानूनी कार्रवाई

टीम ने मौके से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। विभाग ने करीब 4 लाख रुपये से अधिक कीमत का माल जब्त किया है। फैक्ट्री को सील करने के साथ ही उत्पादन पूरी तरह बंद करा दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और मानकों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बीते दिनों गुजरात के सूरत के कामरेज और बनासकांठा के डीसा में फैक्ट्रियों पर छापेमारी कर नकली और मिलावटी घी बनाने वाले बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया गया था। कार्रवाई के दौरान करीब 6,000 लीटर घी जब्त किया गया, जिसकी कीमत 35 लाख रुपये से ज्यादा थी।

(परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें-

“पंजाब चुनाव आने वाला है, इसलिए यह सब हो रहा”, अपनी गिरफ्तारी पर बोले सत्येंद्र जैन

TMC सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ अरेस्ट वारंट हुआ जारी, इंडियन आर्मी को लेकर विवादित कमेंट करने का मामला





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें