उत्तर प्रदेश के कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। गणेश नगर निवासी युवक ने अपनी पत्नी पर चाय और रूम फ्रेशनर में संदिग्ध रासायनिक पदार्थ मिलाकर उसे और उसके माता-पिता को बीमार करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि ये सब कुछ घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस आयुक्त को सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल दस्तावेज सौंपे जाने के बाद रावतपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के कुछ ही वक्त बाद बढ़ने लगा परिवार में विवाद
शिकायतकर्ता हिमांशु गुप्ता के अनुसार उनका विवाह 30 जनवरी 2024 को चकेरी क्षेत्र की रहने वाली ज्योति गुप्ता से हुआ था। उनका आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद पत्नी के व्यवहार में बदलाव आने लगा और पारिवारिक विवाद बढ़ते गए। इसी दौरान उनके माता-पिता की तबीयत लगातार खराब रहने लगी। बाद में उनकी खुद की भी तबीयत बिगड़ गई। परिवार का कहना है कि डॉक्टरों ने खाने-पीने की वस्तुओं में किसी हानिकारक पदार्थ की आशंका जताई, जिसके बाद उन्हें पत्नी पर शक हुआ।
सीसीटीवी में कैद हो गया है वीडियो
परिवार के अनुसार, हिमांशु की मां ने पत्नी को चाय बनाते समय उसमें कोई पदार्थ मिलाते हुए देखा था। इसके बाद निगरानी के उद्देश्य से घर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए शिकायतकर्ता का दावा है कि अगस्त 2024 से रिकॉर्ड हुई सीसीटीवी फुटेज में कई बार उनकी पत्नी चाय में किसी काले रंग के पदार्थ जैसी वस्तु मिलाती हुई दिखाई देती है। उनका यह भी आरोप है कि पत्नी ने बाद में घर में रखे रूम फ्रेशनर में भी सिरिंज के माध्यम से कोई तरल पदार्थ मिलाया, जिसकी रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है।
पत्नी करा चुकी है दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा
दूसरी ओर हिमांशु ने बताया कि पत्नी पहले ही उनके और उनके परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व मारपीट का मुकदमा दर्ज करा चुकी है। उनका कहना है कि अब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज पुलिस को सौंपते हुए पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
एसीपी कल्याणपुर ने बताया कि पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पत्नी की ओर से पहले से दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज है। पुलिस को उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कानपुर से ज्ञानेंद्र शुक्ला की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
जिन गलियों में चलता था सिक्का, वहीं पैदल घुमाकर पुलिस ने कराई परेड, बोला- अब अपराध नहीं करूंगा
कानपुर में शर्मसार करने वाली घटना, 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार








