बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र अंतर्गत महरा पंचायत के सोनमणि गांव में सरकारी जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद गहराने पर मारपीट की घटना सामने आई है। घटना में दोनों तरफ से कई लोग घायल हुए हैं।
पहले पक्ष से मो. हैदर महराज, मो. नौशाद, मो. अहमद अली और मो. समसाद घायल बताए जा रहे हैं। दूसरे पक्ष से दुखा यादव के घायल होने की जानकारी है।
ग्रामीणों के अनुसार सरकारी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले एक वर्ष से विवाद चल रहा था। बीती रात अचानक विवाद बढ़ गया और मारपीट में दुखा यादव व मो. हैदर महराज घायल हुए, जिन्हें परिजनों ने सिंघिया पीएचसी में भर्ती कराया।
आज दिन में फिर विवाद बढ़ा और दोबारा मारपीट की घटना हो गई। इसकी सूचना मिलने पर सिंघिया थाना की 112 नंबर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल मो. हैदर महराज के पुत्र को इलाज के लिए सिंघिया पीएचसी में भर्ती करवाया।
घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।








