बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघिया-बहेड़ी मुख्य सड़क मार्ग एसएच-88 पर पेट्रोल पंप के समीप एक अजीबोगरीब घटना देखने को मिली। एक ऑटो द्वारा बंदर को ठोकर मार दिए जाने के बाद गुस्साए बंदरों ने हमला बोल दिया, जिसमें तीन महिला यात्री घायल हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, सिंघिया की ओर से एक ऑटो तीन यात्रियों को लेकर लिलहौल जा रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास सड़क पार कर रहे एक बंदर को ऑटो ने ठोकर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। घायल बंदर को देखते ही आसपास मौजूद कई बंदर मौके पर जुट गए और ऑटो चालक पर हमला कर दिया।
बताया जाता है कि बंदरों के हमले से घबराकर ऑटो चालक जान बचाकर भाग निकला। इस दौरान ऑटो अनियंत्रित हो गया, जिससे उसमें बैठे यात्री गिर पड़े और पास से गुजर रहे दूसरे ऑटो से टकरा गए। हादसे में दूसरा ऑटो भी पलट गया और उसमें सवार यात्री घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सिंघिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉ. राकेश कुमार ने उनका उपचार किया।
घायलों की पहचान लिलहौल आजादनगर निवासी श्रवण दास की पत्नी मीरा देवी, श्याम सुंदर दास की पत्नी ममता देवी तथा मुरदौली गांव निवासी मो. कादिल की पत्नी जयफूल खातून के रूप में हुई है।
घायलों ने बताया कि ऑटो चालक द्वारा बंदर को कुचलते ही कई बंदरों ने हमला शुरू कर दिया। चालक तेजी से गाड़ी भगाने लगा, जिससे संतुलन बिगड़ गया और वे लोग गिरकर घायल हो गए।








