हर बात का जवाब देना छोड़ दें! रिश्ते में ये छोटी-सी सीमा बना देगी पार्टनर के साथ बॉन्डिंग मजबूत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


Silent Boundaries: किसी रिश्ते में प्यार जितना जरूरी है, उतनी ही जरूरी है अपनी सीमाओं की समझ. अक्सर हम अपनों के हर सवाल का जवाब देना, हर बात पर सफाई देना और हर नाराजगी को तुरंत दूर करना अपनी जिम्मेदारी समझ लेते हैं. लेकिन क्या हर बात का जवाब देना सच में जरूरी है? कई बार नहीं. स्वस्थ रिश्ते में कुछ ऐसी सीमाएं भी होती हैं, जिन्हें बोलकर नहीं बल्कि अपने व्यवहार से तय किया जाता है. इन्हें ‘साइलेंट बॉर्ड्रीज’ कहा जा सकता है.

मसलन, पार्टनर नाराज है तो हर बार खुद को सही साबित करने की कोशिश न करना, किसी निजी बात पर तुरंत जवाब देने के लिए दबाव में न आना या कुछ समय अकेले रहने की जरूरत को स्वीकार करना. ऐसी सीमाएं दूरी नहीं बनातीं, बल्कि रिश्ते में सम्मान और संतुलन बनाए रखने में मदद करती हैं.

क्या होती हैं ‘साइलेंट बॉर्ड्रीज’?

‘साइलेंट बॉर्ड्रीज’ का मतलब यह नहीं कि आप सामने वाले से बात करना बंद कर दें. इसका सीधा अर्थ है कि आप तय करें कि कौन-सी बात पर प्रतिक्रिया देनी है और किस बात को वहीं छोड़ देना बेहतर है. हर सवाल का जवाब, हर आरोप की सफाई और हर ताने का पलटकर जवाब देना जरूरी नहीं होता.

हर बात पर सफाई देना क्यों थकाता है?

मान लीजिए आपका पार्टनर किसी छोटी बात पर नाराज है. आप उसे समझाने लगते हैं कि आपकी गलती नहीं थी. वह फिर कोई पुरानी बात निकाल देता है और बातचीत लंबी बहस में बदल जाती है. ऐसे समय में बार-बार सफाई देने के बजाय यह कहना कि “अभी हम दोनों शांत नहीं हैं, बाद में बात करते हैं” ज्यादा समझदारी भरा हो सकता है. यह एक तरह की सीमा है. आप रिश्ते से भाग नहीं रहे, बल्कि बातचीत का सही समय चुन रहे हैं.

रिश्ते में कौन-सी सीमाएं जरूरी हैं?

सबसे पहली सीमा है निजता की. शादी या रिलेशनशिप में होने का मतलब यह नहीं कि व्यक्ति की हर बातचीत, हर दोस्ती या हर निजी समय पर सवाल किया जाए. भरोसा तभी मजबूत होता है, जब दोनों को अपनी व्यक्तिगत जगह भी मिले. दूसरी सीमा है हर बात पर तुरंत प्रतिक्रिया न देना. मैसेज का तुरंत जवाब न मिलना हमेशा उपेक्षा का संकेत नहीं होता. सामने वाला काम में व्यस्त हो सकता है, थका हो सकता है या बस कुछ समय अपने साथ बिताना चाहता हो. तीसरी सीमा है अनादर को सामान्य न मानना. प्यार के नाम पर बार-बार ताने, अपमान या ऊंची आवाज को सहते रहना स्वस्थ रिश्ते की निशानी नहीं है. ऐसे व्यवहार पर शांत लेकिन स्पष्ट सीमा तय करना जरूरी है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

चुप रहना और सीमा तय करना अलग बातें हैं

यह फर्क समझना बहुत जरूरी है. किसी को सजा देने के लिए बात बंद कर देना ‘साइलेंट ट्रीटमेंट’ हो सकता है, जबकि अपनी मानसिक शांति के लिए बातचीत से थोड़ी दूरी बनाना एक स्वस्थ सीमा हो सकती है. उदाहरण के लिए, “मैं इस मुद्दे पर अभी बात नहीं करना चाहता, शाम को आराम से बात करेंगे” एक स्पष्ट सीमा है. वहीं बिना बताए कई घंटों या दिनों तक सामने वाले को नजरअंदाज करना रिश्ते में उलझन बढ़ा सकता है.

सीमाएं रिश्ते को कमजोर नहीं, मजबूत बनाती हैं

अच्छे रिश्ते में दोनों लोग एक-दूसरे को बदलने की कोशिश कम और समझने की कोशिश ज्यादा करते हैं. जब व्यक्ति यह जानता है कि उसे हर बात साबित नहीं करनी, हर सवाल का जवाब नहीं देना और हर नाराजगी ठीक नहीं करनी, तब रिश्ते का दबाव कम होने लगता है. आखिरकार, रिश्ते में प्यार का मतलब हर समय उपलब्ध रहना नहीं है. कभी-कभी सामने वाले को जगह देना और खुद के लिए भी थोड़ी जगह बचाकर रखना ही रिश्ते को लंबे समय तक सहज बनाए रखता है.



Source link

Leave a Comment

और पढ़ें