दिल्ली के तिलकनगर इलाके में एक लड़की की हत्या से सनसनी फैल गई है। आरोपी ने घर में घुसकर चाकू से गोदकर 21 साल की मुस्कान की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार है। जिस समय मुस्कान की हत्या की गई, उस समय वो अपने घर पर अकेली थी। आरोपी का नाम इमरान बताया जा रहा है जो कि एक जिम ट्रेनर है। बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी घर में घुसता हुआ दिखा है। पुलिस ने कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
वारदात के बाद पुलिस की टीम जांच के लिए पहुंची। एडिश्नल डिप्टी पुलिस कमिश्नर अभिषेक गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
घटना तिलक नगर के ओल्ड महावीर नगर की है। 21 साल की मुस्कान अपनी बहन और मां के साथ रह किराये पर रहती थी। आरोप है कि कल जब घर पर मुस्कान अकेली थी तो शाम साढ़े 5 बजे जिम ट्रेनर इमरान उसके घर में आया और उनके बीच में कुछ झगड़ा हुआ जिसके बाद इमरान ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। मुस्कान के चीखने की आवाज सुन पड़ोसी मदद के लिए आए उन्होंने एंबुलेंस और पुलिस को फोन किया। फिर सीसीटीवी कैमरा खंगाला गया तो 5.40 बजे इमरान मुस्कान के घर के अंदर जाते हुए दिखा।
पार्ट टाइम मॉडलिंग करती थी मुस्कान
21 साल की मुस्कान एक छात्रा थी और वो पार्ट टाइम मॉडलिंग का काम भी करती थी। मुस्कान 3 बहनें हैं एक छोटा भाई आकाश है। मुस्कान के दोस्त अमन का कहना है कि जिम ट्रेनर पहले भी मुस्कान को परेशान करता था।

Image Source : REPORTER INPUTमुस्कान का दोस्त अमन।
मुस्कान के दोस्त ने क्या बताया?
अमन ने बताया, मुस्कान की बड़ी बहन जो अभी चंडीगढ़ गई हुई है उसका मेरे पास फोन आया कि जल्दी घर पर जाओ, मुस्कान को किसी ने चाकू मार दिया है। मैंने तुरंत अपने दोस्तों को कॉल किया कि जल्दी मुस्कान के घर पर पहुंचो और उसको अस्पताल लेकर जाओ। मैं पहुंचा तब तक एंबुलेंस आ चुकी थी। मैं पीछे-पीछे अस्पताल पहुंचा लेकिन पुलिस ने ऊपर नहीं जाने दिया।
भाई बोला- मुझे पक्का पता है इमरान ही है
अमन ने बताया कि जैसे ही ये घटना हुई इमरान पर ही शक गया। मुस्कान के भाई ने खुद पुलिस को बोला कि मुझे पक्का पता है मुस्कान की हत्या के पीछे इमरान ही है। इसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो 5.40 बजे के आसपास इमरान घर में घुसते दिखा। हालांकि मामले में पुलिस की तरफ से कुछ भी अपडेट सामने नहीं आया है।
जिम में हुई थी पहली मुलाकात
मुस्कान और इमरान की मुलाकात पहली बार तिलक नगर के ही seven Zone gym में हुई थी जहां इमरान ट्रेनर का काम करता था और मुस्कान जिम के लिए आया करती थी। जिम के मालिक का कहना है कि उन दोनों की टाइमिंग अलग-अलग थी। इमरान का स्वभाव काफी अच्छा था कोई शिकायत कभी नहीं आई थी लेकिन वह देरी से आता था इसलिए उसे निकाल दिया था।
उन्होंने बताया कि मुस्कान ने जितने समय का सब्सक्रिप्शन लिया था वह खत्म हो गया था इसलिए एक महीने पहले से मुस्कान ने भी जिम आना बंद कर दिया था।
बता दें कि इससे पहले एम्स मेट्रो स्टेशन के पास 49 साल के रेहड़ी विक्रेता की हत्या हुई थी। नशे में धुत आरोपी ने बेल्ट से गला घोंटा था।
यह भी पढ़ें-
रक्षा मंत्रालय की ASO ने लगाई फांसी, पंखे पर लटका मिला शव; ससुराल वालों पर लगे गंभीर आरोप









