Beige Flag Meaning: रिलेशनशिप की दुनिया में आपने ‘रेड फ्लैग’ (खतरे की घंटी) और ‘ग्रीन फ्लैग’ (अच्छे पार्टनर की पहचान) के बारे में तो खूब सुना होगा. लेकिन आजकल सोशल मीडिया पर एक नया टर्म धड़ल्ले से ट्रेंड कर रहा है-Beige Flag (बेज फ्लैग). अब आप सोच रहे होंगे कि भाई, ये कौन सा नया झंडा आ गया? तो बता दें कि बेज फ्लैग न तो आपके पार्टनर को विलेन बनाता है और न ही उन्हें कोई देवदूत साबित करता है. यह बस उनके चरित्र की वो अतरंगी, थोड़ी अजीब और बेहद बोरिंग या फनी आदतें हैं, जिन्हें देखकर आप सिर पकड़ लें और कहें, “यार, ये बंदा/बंदी ऐसा क्यों करता है?” सरल शब्दों में कहें तो बेज फ्लैग का मतलब है, ‘अजीब है, लेकिन नुकसानदायक नहीं है!’
Beige Flag के 10 मजेदार और सटीक उदाहरण:
1. रेस्टोरेंट में मेन्यू का ‘पीएचडी’ करना: 15 मिनट तक पूरा मेन्यू ध्यान से पढ़ना, वेटर से अलग-अलग डिश की डिटेल पूछना और आखिर में वही रोज़ वाला ‘दाल तड़का’ या ‘मटर पनीर’ ऑर्डर कर देना.
2. टीवी पर 1 घंटे तक सिर्फ स्क्रॉलिंग करना: नेटफ्लिक्स या यूट्यूब पर आधा घंटा सिर्फ फिल्में और शो ढूंढने में बिता देना, ट्रेलर देखना और अंत में बिना कुछ देखे टीवी बंद करके सो जाना.
3. अलार्म की पूरी कतार लगाना: सुबह 7 बजे उठने के लिए 6:15, 6:30, 6:45 और 6:55 के 10 अलार्म लगाना, लेकिन फिर भी उठना 7:15 पर ही.
4. जानी-पहचानी गलियों में भी GPS ऑन करना: अपने ही घर के पास की किराने की दुकान या बेकरी जाने के लिए भी गूगल मैप्स लगा लेना.
5. चीजें हाथ में लेकर पूरे घर में ढूंढना: चश्मा सिर पर चढ़ाकर या मोबाइल हाथ में पकड़कर पूरे घर में चिल्लाना कि “मेरा सामान कहाँ चला गया?”
6. चाय में बिस्किट डुबोकर खो जाना: चाय या कॉफी में बिस्किट डुबोकर कुछ सेकंड के लिए भूल जाना, जब तक कि वो आधा टूटकर कप के तलहटी में न बैठ जाए.
7. सीरियस माहौल में फिल्मी डायलॉग मारना: जब आप किसी काम की या गंभीर बात कर रहे हों, तब अचानक बीच में किसी पुरानी बॉलीवुड फिल्म का डायलॉग बोलकर माहौल का कबाड़ा (या कॉमेडी) कर देना.
8. ग्रॉसरी स्टोर में बिना लिस्ट के भटकना: सुपरमार्केट सिर्फ ब्रेड लेने जाना और 40 मिनट तक हर शेल्फ की चीजें उठाकर देखना, फिर भी मुख्य चीज (ब्रेड) भूलकर घर वापस आ जाना.
9. वॉशरूम जाने से पहले फोन का चार्ज 100% चेक करना: सिर्फ 5 मिनट के लिए बाथरूम जाना हो, तो भी फोन की बैटरी और इंटरनेट कनेक्शन चेक करना जैसे कोई लंबा सफर तय करने जा रहे हों.
10. पानी की बोतलें भरकर फ्रिज के बाहर ही छोड़ देना: घर की सारी बोतलें बड़े चाव से भरना, लेकिन उन्हें फ्रिज में रखना भूल जाना और फिर ठंडे पानी का इंतजार करना.
क्या है रेड, ग्रीन और बेज में फर्क?
इसे एक आसान से उदाहरण से समझिए. पार्टनर आपका फोन चुपके से चेक करता है और दोस्तों से बात करने पर लड़ता है (टॉक्सिक व्यवहार यानी रेड फ्लैग). वहीं, पार्टनर आपकी बातों को ध्यान से सुनता है, आपकी इज्जत करता है और मुश्किल में साथ देता है.(केयर करना यानी ग्रीन फ्लैग). अब बात आई बेंज फ्लैग की. पार्टनर चाय में बिस्किट डुबोकर 5 सेकंड तक वहीं छोड़ देता है और बिस्किट कप में गिर जाता है, फिर वह चम्मच से उसे निकालकर बड़े चाव से खाता है!
क्या बेज फ्लैग से रिश्ता टूट सकता है?
बिल्कुल नहीं! बेज फ्लैग्स रिश्तों में मिर्च-मसाले या तड़के का काम करते हैं. शुरुआत में ये आदतें थोड़ी अजीब लग सकती हैं, लेकिन धीरे-धीरे यही आदतें आपके पार्टनर की पहचान बन जाती हैं. जब आप अपने पार्टनर से दूर होते हैं, तो अक्सर आपको उनकी यही ‘बेज फ्लैग’ वाली बेवकूफियां सबसे ज्यादा याद आती हैं.
तो अगली बार जब आपका पार्टनर किसी टीवी शो को देखने में 1 घंटे तक सिर्फ स्क्रॉलिंग करता रहे और कुछ प्ले न करे, तो गुस्सा होने के बजाय मुस्कुराइए… क्योंकि बधाई हो, आपको आपके रिश्ते का ‘Beige Flag’ मिल गया है!








