Fake Friends Signs : मेरे दोस्त मुझे सिर्फ अपने मतलब के लिए याद करते हैं… क्या दोस्ती तोड़ देना सही फैसला है?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


How To Deal With Fake Friendship : दोस्ती जिंदगी का ऐसा रिश्ता है, जिसे हम अपनी पसंद से चुनते हैं. इसलिए जब इसी रिश्ते में बार-बार यह महसूस होने लगे कि सामने वाला सिर्फ अपने मतलब के लिए याद करता है, तो मन में दूरी बनाने या दोस्ती खत्म करने का ख्याल आना स्वाभाविक है. लेकिन क्या हर ऐसी स्थिति में दोस्ती तोड़ देना सही फैसला है? जरूरी नहीं.

रिलेशनशिप और कम्युनिकेशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, दोस्ती में बराबर निवेश हमेशा बिल्कुल 50-50 नहीं होता. जिंदगी के अलग-अलग दौर में कभी एक दोस्त ज्यादा मदद करता है तो कभी दूसरा. असली समस्या तब होती है, जब लंबे समय तक रिश्ता एकतरफा बना रहे और आपको लगातार इस्तेमाल किए जाने का एहसास हो. साइकोलॉजिकल टुडे के विशेषज्ञ लेखों में भी दोस्ती को बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग, पहल और स्पष्ट सीमाओं को अहम बताया गया है.

पहले यह समझें कि दोस्त सच में आपको यूज कर रहा है या नहीं
सिर्फ इस वजह से किसी दोस्त को मतलबी मान लेना सही नहीं है कि वह जरूरत पड़ने पर आपसे मदद मांगता है. गौर करें कि क्या वह आपकी जरूरत में भी आपके साथ खड़ा होता है? क्या वह बिना किसी काम के आपसे बात करता है? क्या आपकी परेशानियों और भावनाओं में उसकी दिलचस्पी है? अगर जवाब बार-बार ‘नहीं’ है और बातचीत का ज्यादातर हिस्सा उसकी जरूरतों के आसपास रहता है, तो दोस्ती में असंतुलन जरूर हो सकता है.

एक बार खुलकर बात करें
दोस्ती खत्म करने से पहले अपनी बात सामने रखना बेहतर कदम हो सकता है. रिलेशनशिप एक्सपर्ट की सलाह के अनुसार, आरोप लगाने के बजाय अपनी भावनाएं बताएं. जैसे, “मुझे ऐसा महसूस होता है कि तुम मुझे सिर्फ अपने काम के समय याद करते हो.” इससे सामने वाले को अपनी बात रखने का मौका मिलेगा. कई बार हमें सामने वाले के व्यवहार का सिर्फ एक हिस्सा दिखाई देता है. खुली बातचीत गलतफहमी दूर कर सकती है और यह भी साफ कर सकती है कि दोस्त वास्तव में रिश्ते को लेकर कितना गंभीर है.

दोस्ती खत्म करने से पहले अपनी बात सामने रखना बेहतर कदम हो सकता है.

अपनी सीमाएं तय करके देखें
अगर दोस्त बार-बार मदद मांगता है, तो हर बार हां कहना जरूरी नहीं. किसी काम के लिए विनम्रता से मना करके देखें. इसके बाद उसका व्यवहार काफी कुछ बता सकता है. अगर वह आपकी ‘ना’ को समझता है और फिर भी सामान्य तरीके से रिश्ता बनाए रखता है, तो शायद समस्या उतनी बड़ी नहीं है. लेकिन अगर वह सिर्फ इसलिए नाराज हो जाता है क्योंकि आपने उसकी मदद नहीं की, आपको अपराधबोध महसूस कराने लगता है या फिर संपर्क ही खत्म कर देता है, तो यह रिश्ते के असंतुलन का संकेत हो सकता है.

कब दोस्ती से दूरी बनाना सही है?
अगर आपने बात करने की कोशिश की, अपनी सीमाएं स्पष्ट कीं और फिर भी दोस्त लगातार आपका फायदा उठाता रहा, आपकी भावनाओं को नजरअंदाज करता रहा या रिश्ता आपको मानसिक रूप से थकाने लगा, तो दूरी बनाना गलत फैसला नहीं है. याद रखना होगा कि हर दोस्ती को जिंदगी भर निभाना जरूरी नहीं.

विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ दोस्तियां समय के साथ बदलती हैं और कुछ स्वाभाविक रूप से खत्म भी हो जाती हैं. इसलिए फैसला गुस्से में नहीं, बल्कि पूरे पैटर्न को देखकर लें. अच्छी दोस्ती में हमेशा बराबर चीजें मिलना जरूरी नहीं, लेकिन सम्मान, परवाह, भरोसा और जरूरत के समय साथ देने की भावना दोनों तरफ से होनी चाहिए. अगर ये चीजें लगातार गायब हैं, तो दोस्ती खत्म करने के बजाय पहले दूरी और सीमाओं से शुरुआत करना ज्यादा समझदारी भरा कदम हो सकता है.



Source link

Leave a Comment

और पढ़ें