मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। ब्यावरा शहर के भोपाल बाईपास पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद पुलिस ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए ब्यावरा भिजवाया। एडिशनल एसपी के एल बंजारे ने बताया कि बेंगलुरु से साइबर की टीम आरोपी की तलाश में बस में सवार होकर इंदौर जा रही थी। इस हादसे में इंस्पेक्टर रवि केवि पिता बस्सपा की मौत हो गई, जबकि सब इंस्पेक्टर रमेश नायक एएसआई श्रीनिवास और टेक्निकल स्टाफ विश्वनाथ घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एएसआई श्री निवास को गंभीर हालत में रेफर किया गया।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर के मोहम्मदपुर निवासी अमित कुमार प्रताप ने बताया कि वह अपनी पत्नी मीनू सिंह, बेटे रक्षित सिंह और ससुर सुरेंद्र प्रताप सिंह के साथ उज्जैन महाकांल के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान राजगढ़ जिले के ब्यावरा में सड़क हादसा हो गया, जिसमें उनके परिवार के सदस्य घायल हो गए।
पुलिस अधिकारी का बयान
एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब 7 बजे ब्यावरा में भोपाल बाईपास पुल पर हुई। उन्होंने कहा कि बस उत्तर प्रदेश के कानपुर से इंदौर जा रही थी और पुल पर मोड़ लेते समय उसका नियंत्रण खो गया और वह सुरक्षा दीवार से टकरा गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को ब्यावरा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया। अधिकारी ने कहा कि पहली नजर में लगता है कि बस की तेज रफ़्तार की वजह से यह हादसा हुआ।
30 फीट ऊपर पुल से नीचे गिरे यात्री
ब्यावरा शहर के भोपाल बाईपास पर 30 फीट ऊंचे पुल से यात्री बस अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे के दौरान बस में सवार करीब चार यात्री 30 फीट ऊंचे पुल से नीचे सर्विस रोड पर आ गिरे। इस हादसे में बस में सवार इंस्पेक्टर रवि केवी, पिता बस्सपा उम्र 45 साल बेंगलुरु, विकास शुक्ला (बस चालक), बेलाल अली, पिता कलीमुल्लाह मियां, ज्योतिरादित सिंह गोद पिता विक्रम सिंह गौड़ निवासी बिजवाड़ की मौत हो गई।
ये हुए घायल
इस हादसे में अमित कुमार प्रताप, विनोद कुमार सिंह उम्र 40 साल निवासी मोहम्मदपुर जौनपुर उत्तर प्रदेश, मीनू सिंह पति अमित कुमार उम्र 37 वर्ष निवासी मोहम्मदपुर जौनपुर उत्तर प्रदेश , रक्षित सिंह पिता अमित सिंह उम्र 13 साल, सुरेंद्र प्रताप सिंह पिता भद्रसेन सिंह उम्र 68 साल ग्राम हुरुरी जिला जौनपुर उत्तर प्रदेश (रेफर भोपाल), रवि शर्मा पिता दीनानाथ शर्मा उम्र 42 साल निवासी कानपुर उत्तर प्रदेश, पार्थ शर्मा पिता रवि शर्मा उम्र 08 साल, सुमन शर्मा पति रवि शर्मा उम्र 36 साल निवासी कानपुर उत्तर प्रदेश (रेफर भोपाल, श्रीनिवास पिता वेंकटेश गिरी उम्र 50 साल निवासी बेंगलुरु (रेफर ), केशव पिता श्रीपाल उम्र 28 साल निवासी मथुला अलीगढ़ , रमेश नायक पिता पंडप्पा निवासी बेंगलुरु, सोनू पिता हरी बाबू उम्र 39 साल निवासी सीतापुर ग्राम खैराबाद उत्तर प्रदेश, विश्वनाथ पिता मोहन उम्र 39 साल निवासी साइबर सेल बेंगलुरु कर्नाटक घायल हुए हैं।
(राजगढ़ से गोविंद सोनी की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
हनुमान-साईं मंदिर में चोरी करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे, चांदी का मुकुट समेत अन्य सामान बरामद









