म्यूजिक कंपोजर और सिंगर अमाल मलिक बीते कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। पिछले दिनों उन्होंने तनिष्क बागची को निशाने पर लेते हुए एक पोस्ट शेयर किया था और उन्हें चेतावनी दी थी। वहीं गुरुवार, 27 अगस्त 2026 को अमाल मलिक ने म्यूजिक से ब्रेक लेने का ऐलान कर दिया। अब अमाल अपने एक नए पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उन्होंने ‘बिग बॉस 19’ की अपनी को-कंटेस्टेंट फरहाना भट्ट से माफी मांगी है। अमाल ने सोशल मीडिया पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने फरहाना से अपने उस बयान के लिए माफी मांगी है, जिसमें उन्होंने माना कि ‘100 आदमियों’ वाला उनका बयान ठीक नहीं था। अपने पोस्ट में उन्होंने इस बयान के लिए अफसोस जताया है और एक्ट्रेस से माफी मांगी है।
अमाल मलिक ने फरहाना भट्ट से मांगी माफी
अपने पोस्ट की शुरुआत करते हुए अमाल मलिक ने लिखा- ‘बिग बॉस 19 के सभी सदस्यों को मेरा नमस्कार, मैं प्रार्थना करता हूं कि आप सब अपनी जिंदगी में खुश और ठीक हों। ये वो फिनाले स्पीच है, जो मुझे बहुत पहले दे देनी चाहिए थी। देरी के लिए माफी मांगता हूं और मुझे उम्मीद है कि आप सब मेरे शब्दों, कामों और बिग बॉस हाउस में हुई गलतियों के लिए मुझे माफ कर देंगे। अगर मेरे या मेरे कुछ फैंस के चलते आपको कोई तकलीफ पहुंची है तो उसके लिए मैं दिल से माफी मांगता हूं। अब मैं फरहाना भट्ट और उनके फैंस के लिए की गई मेरी पिछली पोस्ट की बात करता हूं। मैंने एक बात बहुत गलत कही थी, आपको ‘100 मर्दों के साथ जोड़ने’ वाली बात गलत और बकवास थी। ये बात गुस्से में निकल गई। हां मैंने आपका अपमान किया, मैं उसके लिए माफी मांगता हूं और इसके लिए कोई बहाना नहीं बनाऊंगा।’
गुस्से में किया अपमान
अमाल आगे लिखते हैं- ‘मैंने वो बात गुस्से में कही थी। ये सब आपके फैंस के एक हिस्से द्वारा उकसाने, अपमानित करने और धमकियां देने के बाद मैंने लिखी थी। लेकिन, उनका गुस्सा मुझे आपके प्रति अपमान में नहीं बदलना चाहिए था। फरहाना को लेकर दिया मेरा बयान गलत, बेवजह और अपमानजनक था, इसलिए मैं अपने उस बयान के लिए माफी मांगता हूं। धमकियां देना, गाली-गलौज करना और मेरी बहन-भाभी और परिवार को इसमें घसीटना बिलकुल भी स्वीकार्य नहीं है। फरहाना, आपके फैंस को आपका साथ देना चाहिए और आपके काम के लिए लड़ना चाहिए। लेकिन, प्लीज, गुजारिश करता हूं कि आप उनसे बात करें और परिवारों को बीच में न लाने को कहें। मैं नहीं चाहता कि एक बार फिर हम इस बात को उस मोड़ पर ले जाएं, अब और नहीं।’
फरहाना संग खत्म किया झगड़ा
इसी पोस्ट में अमाल ने बताया कि उन्होंने फरहाना के साथ अपना झगड़ा खत्म कर दिया है। वह लिखते हैं- ‘Rebellions’ और बाकी सभी लोगों के लिए फरहाना और मैंने पब्लिक में काफी WWE (झगड़ा) कर लिया है और अब आखिरकार हमने सुलह कर ली, फिर ‘यहीं गुजार दूं’ पर साथ काम किया और एक खूबसूरत गाना दिया। मैं हमेशा फराहाना की इज्जत करूंगा। मगर सीक्रेट रोमांस की बातें अब बंद कर देना चाहिए। म्यूजिक वीडियो के बाद हम कहीं साथ नहीं गए। हमने एक बार प्लान भी बनाया, लेकिन प्रोफेशनल कारणों से हममें से किसी के लिए भी ये मुमकिन नहीं हो पाया। आप सबको बता दूं कि कोई सीक्रेट रोमांस या मीटिंग नहीं है। इसलिए सभी फैंस ऐसी बातें करना बंद कर दें।’
ये भी पढ़ेंः ‘कितना गया गुजरा और गंदा है तू’, अमाल मलिक ने किस पर लगाए गाने चोरी करने के आरोप? दी पंगा न लेने की चेतावनी








