झारखंड के हजारीबाग जिले में शुक्रवार को रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गई। चरही और बेस रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर अचानक लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई, जिससे तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वंदे भारत एक्सप्रेस के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
वंदे भारत एक्सप्रेस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। रेलवे ट्रैक से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाया गया, जिसके बाद रेल परिचालन को सामान्य करने की कार्रवाई शुरू की गई। जानकारी के अनुसार, इस घटना के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस कुछ समय तक प्रभावित रही। करीब आधे घंटे के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। बाद में ट्रेन हजारीबाग स्टेशन पहुंची, जहां रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन की स्थिति की जांच की।
टक्कर में वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन के आगे के हिस्से को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। रेलवे की ओर से क्षति का आकलन किया गया। घटना के बाद यह भी जांच का विषय बन गया है कि लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची।
तकनीकी खराबी के कारण डेढ़ घंटे तक रुकी रही वंदे भारत ट्रेन
इससे पहले हावड़ा-राउरकेला वंदे भारत ट्रेन में तकनीकी खराबी आने के कारण वह ओडिशा के बिसरा स्टेशन पर बुधवार को करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक रुकी थी। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले इस रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के डिब्बों के एक अलग समूह (रेक) की व्यवस्था की गई। चक्रधरपुर मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक अबीर मिश्रा ने बताया कि ट्रेन के पहियों से जुड़ी प्रणाली में समस्या आ गई थी, जिसके कारण ट्रेन स्टेशन पर लगभग एक घंटे और 40 मिनट तक फंसी रही। उन्होंने बताया कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए रेलवे ने दूसरे ‘रेक’ का इंतजाम किया।
रिपोर्टः मुकेश सिन्हा
ये भी पढ़ेंः उज्जैन में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव, 5 कोचों की खिड़कियों के कांच फूटे; बाल-बाल बचे यात्री







