दिल्ली से केरल जा रही मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस (12618) में शुक्रवार देर रात उस वक्त हलचल मच गई, जब ट्रेन में सफर कर रहे कुछ स्कूली छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। छात्रों के पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद मध्यप्रदेश के खंडवा में देर रात मंगला एक्सप्रेस को रोका गया और आनन-फानन में छात्रों का इलाज कराया गया। जैसे ही ट्रेन में बच्चों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली, जिला प्रशासन ने ट्रेन को खंडवा में रुकवाया और बच्चों के इलाज की व्यवस्था रेलवे स्टेशन पर ही की गई।
बच्चों के इलाज के लिए 1 घंटा रुकी रही ट्रेन
खंडवा रेलवे स्टेशन पर देर रात मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस रोकी गई, जिसमें पेंट्रीकार का खाना खाने से 15 से 20 बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी बच्चे एक मिशनरी स्कूल के बताए जा रहे हैं। ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से एर्नाकुलम, कोच्चि की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है, कि ट्रेन के सफर के दौरान बच्चों ने पेंट्री कार से खाना खाया था। इसके बाद कई बच्चों को अचानक उल्टी, पेट दर्द और घबराहट जैसी शिकायतें होने लगीं। एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही रेलवे और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।
फूड पॉइजनिंग की जताई गई आशंका
प्रारंभिक तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम खंडवा रेलवे स्टेशन पहुंची। बच्चों को अस्पताल ले जाने की तैयारी भी की गई थी, लेकिन मौके पर पहुंचे डॉक्टरों ने स्टेशन पर ही बच्चों की जांच कर प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया। डॉक्टरों की निगरानी में बच्चों की स्थिति पर नजर रखी गई।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी अभिनव वारंगे, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर और सिविल सर्जन अनिरुद्ध कौशल सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और बीमार बच्चों के लिए इलाज की की व्यवस्था की गई। इस दौरान रेलवे के डॉक्टर और कर्मचारियों ने भी बच्चों की जांच और उपचार में सहयोग किया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को ट्रेन में ही रखा गया। इसके बाद रेलवे के डॉक्टर और कर्मचारी बच्चों के साथ भुसावल की ओर रवाना हो गए। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल बच्चों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। बच्चों की तबीयत किस वजह से बिगड़ी, इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
(खंडवा से प्रतीक मिश्रा की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ेंः जन्मदिन का केक खाने के बाद 11 की बिगड़ी तबीयत, डिब्बे में मरी हुई छिपकली मिलने का दावा, मचा हड़कंप









