राजस्थान में झुंझुनूं जिले के पिलानी कस्बे में शनिवार रात पिलानी-चिड़ावा रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एचपी पेट्रोल पंप के सामने दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक हवा में पलटी खाते हुए सड़क पर जा गिरे। हादसे का पूरा घटनाक्रम पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 8 बजे वार्ड नंबर 27 निवासी हेमंत (20), पुत्र महीपाल, चिड़ावा की ओर से बाइक लेकर पिलानी स्थित अपने घर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान BITS पिलानी निवासी आदित्य (21), पुत्र प्रमोद, पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए जा रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोनों की बाइक आमने-सामने आ गईं और देखते ही देखते दोनों वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।
CCTV में दिखा खौफनाक मंजर
पेट्रोल पंप के CCTV फुटेज में हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। दोनों बाइकें तेज टक्कर के साथ एक-दूसरे से भिड़ती हैं और टक्कर लगते ही दोनों युवक तिनके की तरह हवा में उछलते हुए सड़क पर जा गिरते हैं। अचानक हुए इस हादसे को देखकर आसपास मौजूद लोग भी मौके की ओर दौड़ पड़े। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक बाइक सवार दाएं मुड़ रहा था, तभी उसकी बाईं तरफ से तेज गति से आ रहे युवक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक हवा में उछलकर जमीन पर गिर गए और चोटिल हो गए। हालांकि, स्थानीय लोगों ने समय रहते दोनों को अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचा ली।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों की मदद की। एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायल युवकों को तत्काल पिलानी के बिरला सार्वजनिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया।दोनों युवकों को हादसे में गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पिलानी पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी लेने के साथ घटनास्थल का जायजा लिया।
(झुंझुनूं से अमित शर्मा की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-









