सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास द्वारा निर्वाचन कार्य में लगे सभी कार्मिकों को दिये निर्देश
जनपद नैनीताल में मैपिंग का 80 प्रतिशत
हल्द्वानी|21, फरवरी 2026
विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) की तैयारियों के सम्बन्ध में मेडिकल कालेज सभागार में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास द्वारा निर्वाचन कार्य में लगे सभी कार्मिकों को दिये निर्देश. उन्होंने कहा कि आगामी माह में प्रदेश में एसआईआर प्रकिया प्रारम्भ होगी इसलिए अधिकारी एवं कर्मचारी निर्वाचन कार्य में कोई भी लापरवाही ना करें। सभी के समन्वय के साथ कार्य कर एसआईआर की प्रक्रिया को अन्तिम रूप दें।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आगामी एसआईआर की तैयारियों को लेकर पूरे प्रदेश में बीएलओ द्वारा आउटरीच अभियान के तहत वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है। जनपद नैनीताल में मैपिंग का प्रतिशत, 80 प्रतिशत है उसे 28 फरवरी 2026 तक शतप्रतिशत पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने इस संबंध में सभी से सहयोग की अपील की।
बैठक में मुख्य बिन्दु वर्ष 2003 की मतदाता सूची वर्ष 2025 की मतदाता सूची में मैपिंग प्रगति की समीक्षा, मतदाता सूची में धुधली, अस्पष्ट, गलत त्र्रुटिपूर्ण फोटो, मकान नम्बर चिन्हिकरण, मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के द्वारा बीएलए के नियुक्ति की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया एसआईआर के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो इसके दृष्टिगत प्रत्येक मतदाता तक पहुंच, समन्वय और संवाद कर अभियान पर कार्य किया जाए। उन्होंने बताया कि आयोग का इस पूरी प्रकिया के पीछे उद्देश्य हर पात्र मतदाता को मतदाता सूची में शामिल करना है।
उन्होंने बताया जनपद में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए के साथ ही ईआरओ एवं एईआरओ द्वारा बीएलओ को सप्ताहिक प्रशिक्षण दिया जाए तथा इसकी मानिटरिंग सम्बन्धित एआरओ द्वारा की जाए।
दास ने विधानसभा लालकुआं, हल्द्वानी एवं कालाढूगी में मैपिंग कार्य का प्रतिशत कम होने पर सम्बन्धित से जानकारी ली। बीएलओ द्वारा बताया गया कि विधान सभाओं में वर्ष 2003 में लोग निवास करते थे अतिक्रमण के कारण लोग अन्यत्र शिफ्ट हो गये है और स्थल पर लोग निवास नही करते हैं। उन्होंने बताया उक्त व्यक्तियों को सूचना देने के साथ ही नोटिस दिया जाए। उन्होंने बताया कि एसआईआर के दौरान किसी भी व्यक्ति का फार्म रद्द करने से पूर्व सम्बन्धित व्यक्ति को एक मौका कमियां पूर्ण करने का अवश्य दें तथा उक्त व्यक्ति को दूरभाष से भी सूचित करें ताकि कोई पात्र व्यक्ति नाम मतदाता सूची से ना कट पाये.
बैठक में उपजिला निवार्चन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय ने बताया कि जनपद में आगामी एसआईआर से सम्बन्धित 80 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है आगामी माह 28 फरवरी तक 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, विपिन पंत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एचडी पाण्डे के साथ ही निर्वाचन से संबंधित अन्य अधिकारी आदि उपस्थित रहे।








