BSEB 10th Exam 2026: 10वीं की परीक्षा आज से शुरू, जूता-मोजा पहनने पर मनाही; जानें नियम और सुरक्षा व्यवस्था

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित मैट्रिक की वार्षिक परीक्षा 17 फरवरी (मंगलवार) से शुरू हो रही है। परीक्षा राज्य 1,699 केंद्रों पर होगी। इसमें कुल 15,12,687 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

बोर्ड ने परीक्षा को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी। साथ ही मुख्य गेट परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले बंद कर दिया जाएगा। बोर्ड ने कहा है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र में प्रवेश कर लेना होगा। देर से पहुंचने पर प्रवेश नहीं मिलेगा।

छात्राओं के लिए प्रत्येक जिले में चार मॉडल परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा समिति ने कहा कि विद्यार्थियों को जूता-मोजा पहनकर आना वर्जित है। विद्यार्थी चप्पल पहनकर परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा केंद्र पर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।

परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में भी अनधिकृत लोगों की मौजूदगी पर कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने ओएमआर शीट और उत्तरपुस्तिका जमा कराने का भी समय निर्धारित किया है, ताकि परीक्षा संचालन में पारदर्शिता बनी रहे। बिहार बोर्ड ने सभी जिलों के डीएम, एसपी और प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा संचालन में सख्ती से निर्देशों का पालन कराने को कहा है।

पटना में 70 केंद्र, 71 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल

पटना जिले में कुल 71,022 परीक्षार्थियों के लिए 70 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहली पाली में 35,897 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें छात्राएं 19,069 व छात्र 16,828 वहीं दूसरी पाली में 35,125 परीक्षार्थी, जिसमें छात्राएं 18,968 और छात्र 16,157 शामिल होंगे। यदि किसी परीक्षार्थी के एडमिट कार्ड पर गलत फोटो छपी हो या फोटो में गड़बड़ी हो, तो उसे पहचान पत्र के साथ परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।

अगर किसी का एडमिट कार्ड गुम हो जाए या घर पर छूट जाए, तो उपस्थिति पत्रक में मौजूद स्कैन फोटो और रोल शीट से सत्यापन कर उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी। बोर्ड ने बताया कि इस बार हर परीक्षार्थी को बीएसईबी यूनिक आइडी भी जारी की गई है।

पहले दिन भाषा विषय की परीक्षा

मैट्रिक परीक्षा के पहले दिन 17 फरवरी को दोनों पालियों में भाषा विषय (हिंदी, बंगला, उर्दू, मैथिली) की परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से 5.15 बजे तक होगी।

परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। नेत्रहीन और वैसे दिव्यांग परीक्षार्थी जो स्वयं लिखने में असमर्थ हैं, उन्हें लेखक रखने की अनुमति दी गई है। ऐसे परीक्षार्थियों को प्रति घंटे 20 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

 

Kaushal kumar
Author: Kaushal kumar

Leave a Comment

और पढ़ें