सिंघिया में भाकपा (माले) की बैठक, वासगीत पर्चा और राशन कटौती को लेकर ग्रामीणों का हंगामा
समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड के माहे पंचायत अंतर्गत वार्ड 13, दलित टोला में भाकपा (माले) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के अंचल सचिव कॉमरेड रामचंद्र प्रधान ने की।
बैठक में बड़ी संख्या में दलित एवं महादलित समुदाय के महिला-पुरुष शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने विकास कार्यों और जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहने का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया।
🏠 वासगीत पर्चा नहीं मिलने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे भूमिहीन एवं गरीब होने के बावजूद अब तक वासगीत पर्चा से वंचित हैं। उल्टे उन्हें बांध खाली करने का अल्टीमेटम दिया जा रहा है, जिससे उनमें भय और असुरक्षा का माहौल है।
🍚 राशन वितरण में कटौती और अवैध वसूली
बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत प्रति यूनिट दो किलो राशन की कटौती की जा रही है। साथ ही, राशन कार्ड में नाम जोड़ने के नाम पर बिचौलियों द्वारा अवैध उगाही की शिकायत भी सामने आई। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
📢 नारेबाजी कर जताया आक्रोश
मौके पर उपस्थित लोगों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर नारेबाजी की और अपनी भड़ास निकाली। नेताओं ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
📚 यूजीसी कानून लागू करने की मांग
बैठक में देश में नए यूजीसी कानून को लागू करने की मांग भी उठाई गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए यूजीसी कानून को आवश्यक सुधार लागू किए जाने चाहिए








