दरभंगा: आगामी महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में 12 फरवरी 2026 को पुलिस उप-महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र दरभंगा के मनोज कुमार तिवारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगनुनाथ रेड्डी ने कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा कुशेश्वरस्थान मंदिर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर की समग्र व्यवस्था का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, प्रवेश-निकास व्यवस्था, निगरानी, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान पूजा समिति के सदस्यों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श कर महाशिवरात्रि पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर चर्चा की गई।
अधिकारियों ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिरौल तथा थाना अध्यक्ष, कुशेश्वरस्थान को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन द्वारा तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सकें।









