राजस्थान के उदयपुर जिले में भाजपा के निवर्तमान पार्षद राकेश पोरवाल के खिलाफ नर्सिंग छात्रा से दुष्कर्म का मामला दर्ज होने से सनसनी फैल गई है। युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे होटल बुलाया और उसकी मर्जी के विरुद्ध दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़िता का बयान कलमबद्ध करने के साथ मेडिकल जांच कराते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय युवती ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वर्ष 2023 में उसकी मुलाकात राकेश पोरवाल से हुई थी, जिन्होंने स्वयं को पार्षद बताते हुए निजी अस्पताल में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। युवती के मुताबिक 9-10 फरवरी को उसे अस्पताल में संपर्क कराने के नाम पर बुलाया गया और बाद में टेकरी स्थित एक होटल में मिलने के लिए कहा गया।
पीड़िता का आरोप है कि होटल के कमरे में आरोपी ने उसे खाने के साथ शराब पिलाई और नौकरी व बेहतर वेतन के नाम पर दबाव बनाते हुए दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने उसे एक व्यक्ति के साथ कार से प्रतापनगर क्षेत्र में छोड़ दिया, जहां से उसका भाई उसे थाने लेकर पहुंचा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं और जांच की जिम्मेदारी डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ को सौंपी गई है। वहीं आरोपी पार्षद ने अपने ऊपर लगे आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









