होली के त्योहार और ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो लोकप्रिय एक्सप्रेस ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। यात्रियों के सुखद सफर और बेहतर अनुभव के लिए यह पहल अस्थायी आधार पर की गई है।
रेलवे के इस निर्णय से खासकर बिहार और झारखंड के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बर्थ की उपलब्धता में आसानी होगी। यह जानकारी आसनसोल पीआरओ ने शुक्रवार को दी।
उन्होंने बताया कि 18183 टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस में यात्रियों की संख्या को देखते हुए एक अतिरिक्त नन-वातानुकूलित चेयर कार कोच जोड़ा जाएगा। वहीं, 18622 हटिया-पटना एक्सप्रेस में वेटिंग लिस्ट को कम करने के उद्देश्य से एक अतिरिक्त शयनयान श्रेणी कोच बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
यह सुविधा 28 फरवरी से 06 मार्च तक प्रभावी रहेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह विस्तार अस्थायी आधार पर किया गया है ताकि व्यस्त समय के दौरान यात्रियों को कोच की कमी के कारण होने वाली परेशानियों से बचाया जा सके।
स्थानीय यात्रियों और दैनिक यात्रियों ने रेलवे के इस कदम की सराहना की है, क्योंकि इन दोनों ट्रेनों में सिमुलतला, झाझा और जमुई क्षेत्र के यात्रियों का काफी दबाव रहता है।








