बिहार की बसों में 9 अगस्त को यात्रा फ्री, नीतीश सरकार का बहनों को रक्षाबंधन गिफ्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिहार की चुनिंदा सरकारी बसों में 9 अगस्त को महिलाओं और लड़कियों के लिए सफर मुफ्त रहेगा। रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों की सुविधा के लिए नीतीश सरकार ने यह फैसला लिया है। यह निर्णय बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की सिटी बसों और विभिन्न शहरों में चलने वालीं पिंक बसों में लागू होगा। BSRTC की सिटी बस में राखी के त्योहार पर महिलाएं बिना कोई पैसा दिए मुफ्त यात्रा कर सकेंगी, हालांकि पुरुष यात्रियों को टिकट लेना होगा।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से गुरुवार को इस संबंध में जानकारी दी गई। निगम के अनुसार यह सुविधा राज्यभर में चल रहीं सरकारी सिटी बसों में रक्षाबंधन के दिन लागू रहेगी। इसके अलावा, नई पिंक बसों में भी महिलाओं को एक दिन के लिए सफर मुफ्त मिलेगा। यह नियम 9 अगस्त को सुबह 6 बजे से देर शाम तक लागू रहेगा। सरकारी बसों में सफर करने वाली महिलाओं का टिकट नहीं लगेगा।
बता दें कि रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को मुफ्त सफर की सौगात देने का एक चलन हो गया है। बीते सालों में भी राज्य सरकार ने राखी के अवसर पर सरकारी बसों में फ्री यात्रा की सुविधा दी थी। इस साल बिहार के अलावा अन्य कई राज्यों में भी ऐसा ही फैसला लागू किया गया है। हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, भोपाल, इंदौर जैसी जगहों पर भी महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है।

Kaushal kumar
Author: Kaushal kumar

Leave a Comment

और पढ़ें