महाराष्ट्र FDA की कार्रवाई अब सीधे बॉम्बे हाई कोर्ट तक पहुंच गई है। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद FDA की टीम आज बॉम्बे हाई कोर्ट कैंटीन के निरीक्षण के लिए पहुंची है और जांच जारी है। यह कार्रवाई उस मामले के बाद हो रही है जिसमें नवी मुंबई के Park Inn by Radisson होटल ने अपने लाइसेंस निलंबन के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अदालत ने सुनवाई के दौरान सिर्फ होटल के मामले पर ही नहीं, बल्कि सरकारी और अर्ध-सरकारी कैंटीनों में खाद्य सुरक्षा की स्थिति पर भी सवाल उठाए और FDA को व्यापक निरीक्षण का निर्देश दिया।
निरीक्षण करने पहुंची FDA
मुंबई के बॉम्बे हाई कोर्ट परिसर में गुरुवार को एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। महाराष्ट्र FDA की टीम हाई कोर्ट कैंटीन का निरीक्षण करने पहुंची। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, लाइसेंस, किचन की स्थिति और फूड सेफ्टी मानकों की जांच की गई है। पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है। बता दें कि बॉम्बे हाई कोर्ट परिसर में बॉम्बे हाई कोर्ट कैंटीन है, जहां महाराष्ट्र FDA की टीम ने जांच की है।
हाई कोर्ट क्यों पहुंची FDA?
दरअसल, नवी मुंबई के Park Inn by Radisson होटल के लाइसेंस निलंबन से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान बॉम्बे हाई कोर्ट ने FDA से सवाल किया कि जब निजी होटलों पर कार्रवाई हो रही है, तो क्या सरकारी और अर्ध-सरकारी कैंटीनों का भी इसी तरह निरीक्षण किया जाता है? इसी के बाद अदालत ने FDA को निर्देश दिया कि बॉम्बे हाई कोर्ट कैंटीन सहित सरकारी और अर्ध-सरकारी भोजनालयों का निरीक्षण किया जाए, पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाए और 31 जुलाई 2026 तक अदालत में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की जाए। इसी आदेश के पालन में FDA की टीम यहां पहुंची है और जांच फिलहाल जारी है।
कैंटीन और कॉफी सेवा अस्थायी रूप से बंद
बॉम्बे बार एसोसिएशन ने कैंटीन और कॉफी सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। बॉम्बे बार एसोसिएशन ने एक नोटिस जारी कर अपने परिसर में कैंटीन और कॉफी विक्रेता के माध्यम से भोजन एवं पेय पदार्थों की सेवा अगली सूचना तक अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है। एसोसिएशन ने अपने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यह फैसला स्वयं एसोसिएशन की ओर से एहतियातन लिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि 30 जुलाई 2026 को खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम के निरीक्षण के बाद एसोसिएशन को एफडीए की ओर से कोई प्रतिकूल सूचना, आदेश या नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। एसोसिएशन ने कहा है कि अगली सूचना जारी होने तक परिसर में भोजन और पेय पदार्थों की सेवा बंद रहेगी।
सरकारी-अर्ध-सरकारी कैंटीनों की जांच के आदेश
इस पूरे मामले की शुरुआत नवी मुंबई के Park Inn by Radisson होटल से हुई थी। होटल ने FDA द्वारा लाइसेंस निलंबित किए जाने के फैसले को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। लगभग तीन सुनवाई के बाद अदालत ने FDA का लाइसेंस निलंबन आदेश रद्द कर दिया, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा के नियम सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए। अदालत ने सरकारी और अर्ध-सरकारी कैंटीनों की भी जांच के आदेश दिए।
FDA का पूरे महाराष्ट्र में अभियान
मई 2026 में तुकाराम मुंडे के महाराष्ट्र FDA आयुक्त बनने के बाद विभाग ने राज्यभर में बड़े स्तर पर अभियान चलाया है। FDA के अनुसार अब तक राज्यभर में 1,100 से अधिक निरीक्षण किए जा चुके हैं। 904 स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर छापेमारी की गई। इन कार्रवाइयों में 235 एफआईआर दर्ज हुईं, 350 से अधिक गिरफ्तारियां हुईं और 274 प्रतिष्ठानों को सील किया गया। अब सबकी नजर इस जांच पर है। हाई कोर्ट ने साफ कर दिया है कि खाद्य सुरक्षा के नियम सिर्फ निजी होटलों तक सीमित नहीं रह सकते, बल्कि सरकारी और अर्ध-सरकारी संस्थानों पर भी समान रूप से लागू होंगे।
ये भी पढ़ें- कॉकरोच, मक्खियां और एक्सपायर फूड! मुंबई के 5 हाई-प्रोफाइल क्लबों का चौंकाने वाला सच; FDA ने रद्द किए लाइसेंस









