मुंबई एयरपोर्ट पर 4 अगस्त को बच्चन परिवार की झलक देखने को मिली, जहां अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय और उनकी बेटी आराध्या एक साथ बाहर निकलते नजर आए। इस दौरान 14 साल की आराध्या बच्चन के एक छोटे से जेस्चर ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया। भारी सुरक्षा और कैमरों की भीड़ के बीच जैसे ही आराध्या बाहर निकलीं, उन्होंने मुस्कुराते हुए पपराजी को हाथ जोड़कर नमस्ते किया। उनका यह सादगी भरा अंदाज इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है और लोग उनकी परवरिश की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
भारी सुरक्षा के बीच दिखा बच्चन परिवार
एयरपोर्ट से सामने आए वीडियो में दिखा कि परिवार को बाहर निकालने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सबसे पहले अभिषेक बच्चन गाड़ी से बाहर निकले। उन्होंने वहां मौजूद एयरपोर्ट अधिकारियों का हाथ मिलाकर अभिवादन किया और फिर सुरक्षा घेरे में आगे बढ़ गए। उनके ठीक पीछे ऐश्वर्या राय और आराध्या मैचिंग ब्लैक आउटफिट्स में बाहर आईं। जैसे ही पपराजी ने उन्हें कैमरे में कैद करना शुरू किया, आराध्या ने बिना झिझक तुरंत हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया और आगे बढ़ गईं।
यहां देखें वीडियो
कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 की यादें
यह पहला मौका नहीं है जब आराध्या के व्यवहार ने फैंस को प्रभावित किया हो। इससे पहले वे अपनी मां ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ फ्रेंच रिवेरा में आयोजित ‘कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026’ में भी शामिल हुई थीं। उस दौरान का भी एक वीडियो काफी पसंद किया गया था, जिसमें ऐश्वर्या अपने फैंस के साथ खुलकर बातचीत करती दिख रही थीं और आराध्या बेहद ध्यान से अपनी माँ के इस रवैये को देख रही थीं। उस दौरान जब एक फैन ने ऐश्वर्या से ऑटोग्राफ और फोटो की गुजारिश की, तो ऐश्वर्या तुरंत रुक गईं, प्रशंसक से बात की और प्यार से सेल्फी खिंचवाई। आराध्या अपनी माँ का हाथ थामे पास ही खड़ी रहीं और प्रशंसकों के साथ उनकी इस गर्मजोशी को देखकर मुस्कुराती रहीं। सोशल मीडिया पर ‘लॉरियल पेरिस’ के डिनर से जुड़ा यह अनदेखा वीडियो शेयर करते हुए फैंस ने आराध्या की खूबसूरती और उनके शालीन बर्ताव की सराहना की थी।
कान्स में आधिकारिक एंट्री
इसी कान्स दौरे के दौरान आराध्या ने ‘लाइट्स ऑन वुमेन्स वर्थ अवॉर्ड्स’ के 6ठे संस्करण में हिस्सा लिया था। इस दौरान वे एक खूबसूरत लाल गाउन में नजर आईं, जिसे कान्स के मंच पर उनकी आधिकारिक उपस्थिति माना गया, हालांकि उन्होंने रेड कार्पेट पर वॉक नहीं किया था। बचपन से ही अपनी मां के साथ कान्स जाने वाली आराध्या का यह नया लुक काफी चर्चा में रहा था।
अभिषेक और ऐश्वर्या के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स
काम के मोर्चे पर बात करें तो अभिषेक बच्चन हाल ही में ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में नजर आए थे, जिसमें उन्होंने संभाजी महाराज की दमदार भूमिका निभाई थी। इससे पहले वे ‘कालीधर लापता’ में दिखे थे। आने वाले समय में अभिषेक, शाहरुख खान के साथ बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ में मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं दूसरी ओर, ऐश्वर्या राय बच्चन को आखिरी बार दिग्गज निर्देशक मणिरत्नम की फिल्म ‘पोन्नियिन सेल्वन 2’ में देखा गया था। इस ऐतिहासिक फिल्म के बाद से उन्होंने अभी तक अपने किसी नए प्रोजेक्ट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।








