यूपी की सियासत से बड़ी खबर, बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


लखनऊ: यूपी की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन हो गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, वह कैंसर से पीड़ित थे। उनके निधन के बाद यूपी की सियासत से जुड़े नेताओं ने सोशल मीडिया पर शोक प्रकट किया है।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने गहरा शोक व्यक्त किया

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने बलिया जनपद की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक एवं बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।


महाना ने अपने शोक संदेश में कहा कि उमाशंकर सिंह का निधन उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपने क्षेत्र के विकास तथा जनता के हितों के लिए सदैव समर्पित भाव से कार्य किया। उनकी सादगी, सहजता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें सदैव स्मरणीय बनाए रखेगी।

सतीश महाना ने कहा, “कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से संघर्ष करते हुए भी उमाशंकर सिंह ने अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया। उनका निधन न केवल उनके परिवार और समर्थकों, बल्कि संपूर्ण विधानसभा परिवार के लिए भी अत्यंत दुःखद है। महाना ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। ऊं शान्तिः।”

सीएम योगी ने भी जताया दुख

सीएम योगी ने भी विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर शोक जताया है। सीएम योगी ने एक्स हैंडल पर पोस्ट करके कहा, “जनपद बलिया के रसड़ा विधान सभा क्षेत्र से माननीय विधायक उमाशंकर सिंह जी का निधन अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ऊं शांति।”

समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भी शोक प्रकट किया

समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भी उमाशंकर सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया है। अखिलेश ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “बलिया की रसड़ा विधानसभा से बसपा के विधायक उमाशंकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुखद ! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि!”

उमाशंकर सिंह साल 2025 में उस वक्त चर्चा में आए थे, जब उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में विजलेंस जांच शुरू हुई थी।

ये भी पढ़ें- 

UP: कैंसर से जूझ रहे BSP के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर छापेमारी, डॉक्टर की एंट्री पर भी लगी रोक





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें