बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघिया-बहेड़ी मुख्य सड़क मार्ग एसएच-88 पर फुलहरा गांव के समीप दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंघिया में भर्ती कराया गया।
पीएचसी में मौजूद डॉक्टर अजय कुमार ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों की पहचान दरभंगा जिले के कोढ़ली गांव निवासी मनोहर यादव की पत्नी धनवंतरी देवी, उनके पुत्र मयंक कुमार, कुशेश्वरस्थान निवासी नारायण यादव के पुत्र इंद्र कुमार यादव तथा शंकरथुआ गांव निवासी स्वर्गीय पंचू यादव के पुत्र ब्रह्मदेव यादव के रूप में हुई है।
बताया गया कि धनवंतरी देवी अपने मायके महिषी से ससुराल कोढ़ली गांव लौट रही थीं। उनके साथ अन्य परिजन भी एक लड़का देखने जा रहे थे। इसी दौरान फुलहरा गांव के पास तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक चालक संतुलन खो बैठा और सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे सभी लोग घायल हो गए।
घटना के बाद धनवंतरी देवी ने आरोप लगाया कि उनके पर्स में रखा करीब तीन हजार रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा सोने के जेवरात घटनास्थल से गायब हो गए।
डॉक्टर अजय कुमार ने बताया कि घायल इंद्र कुमार यादव और ब्रह्मदेव यादव की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया है।
वहीं सिंघिया थाना अध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।








