बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंघिया नगर पंचायत क्षेत्र में गुरुवार को प्रशासन ने अस्थायी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह अभियान सिंघिया बाजार में बथान चौक से लेकर कलाली चौक तक चलाया गया, जहां सड़क किनारे फल दुकान और झोपड़ीनुमा अस्थायी संरचना लगाकर अतिक्रमण किया गया था।
अभियान का नेतृत्व प्रखंड दंडाधिकारी सह अंचलाधिकारी सरिता रानी की मौजूदगी में किया गया। मौके पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी बीपीआरओ कृष्ण कुमार सिंह, बीसीओ ललन सिंह, थाना अध्यक्ष श्याम कुमार मेहता तथा नगर पंचायत के ईओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासनिक टीम ने सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी दुकानों और झोपड़ियों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया। अभियान के दौरान भारी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल तैनात किए गए थे। सहयोग में पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, एडिसन कुमार तथा अंचल कर्मी मुरारी ठाकुर भी मौजूद थे।
अभियान के दौरान कुछ स्थानों पर अतिक्रमणकारियों द्वारा हल्का विरोध भी किया गया, लेकिन अधिकारियों ने सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई जारी रखी। प्रशासन ने अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश का हवाला देते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की।
इस संबंध में अंचलाधिकारी सरिता रानी ने बताया कि सड़क को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है।
वहीं कुछ स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि केवल अस्थायी दुकानों को हटाने के बजाय सड़क किनारे बने स्थायी अतिक्रमण और पक्के निर्माणों पर भी जेसीबी चलाकर कार्रवाई की जानी चाहिए।








