शिक्षा के मंदिर में मचा बवाल, प्रिंसिपल पर शराब पीकर अध्यापक से मारपीट और गाली गलौज का आरोप, वीडियो वायरल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


बिहार के रोहतास से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। तिलौथू के चंदनपुरा के मध्य विद्यालय में प्रिंसिपल और शिक्षकों के बीच मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार एक शिक्षक संतोष कुमार के साथ मारपीट कर रहे हैं और स्कूल परिसर में गाली गलौज कर रहे हैं। 

शिक्षकों ने आरोप लगाया है कि इस घटना के वक्त प्रधानाध्यापक शराब के नशे में था। हालांकि इंडिया टीवी इस बात की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में दिख रहा है कि स्कूट के परिसर में दो लोगों की मारपीट और झगड़ा हो रहा है। वीडियो में पीला रंग की शर्ट पहने हुए जो शख्स दिखाई दे रहा है, वह तिलौथू के मध्य विद्यालय चंदनपुरा के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार बताए जा रहे हैं। स्कूल के अन्य शिक्षक उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सुनील कुमार मारपीट पर उतारू है। इस दौरान कुछ महिला शिक्षिका भी दिखाई दे रही हैं। 

सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल और टीचर के बीच मारपीट

मारपीट के दौरान संतोष कुमार नामक एक शिक्षक का शर्ट और बनियान भी फट गई। प्रिंसिपल झगड़ा करने पर उतारू थे। लोगों का आरोप है कि कुछ महीने पहले प्रधानाध्यापक ने एक बच्चे के साथ भी जबरदस्त मारपीट की थी। इस मामले को रफा दफा कर दिया गया था। एक बार फिर प्रधानाध्यापक पर शराब पीकर अपने ही साथ काम करने वाले शिक्षक के साथ मारपीट करने का आरोप है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शिक्षक प्रधानाध्यापक पर प्रतिदिन शराब पीकर विद्यालय आने का गंभीर आरोप लगाते भी सुनाई दे रहे हैं। 

स्कूल की छुट्टी होने के बाद प्रिंसिपल और टीचर में ये पूरा झगड़ा हुआ। हालांकि विवाद किस बात को लेकर हुआ अभी इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। लेकिन शिक्षा के मंदिर में इस तरह के व्यवहार अनुचित है। चूंकि मामला सरकारी स्कूल का है और अगर ये झगड़ा पुलिस तक पहुंचा तो आगे इस पर एक्शन लिया जा सकता है। फिलहाल इस मामले में अभी किसी ने एक दूसरे की शिकायत नहीं की है।

इनपुट: रंजन सिंह (रोहतास)

 





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें