गाजियाबाद में ट्रक और बोलेरो की भीषण भिड़ंत, नया वाहन लेकर हरिद्वार जा रहे 3 लोगों की मौत, कई घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


Highlights

  • ट्रक से बोलेरो की हुई भिड़ंत
  • हादसे में तीन लोगों की मौत
  • हरिद्वार जा रहे थे मृतक

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के निवाड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बोलेरो में सवार लोग दर्शन और गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे। 

जानकारी के मुताबिक, बोलेरो वाहन नया खरीदा गया था। इस खुशी में वाहन में सवार होकर लोग दर्शन और गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया। ट्रक से बोलेरो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेते हुए ड्राइवर और उसके कंडक्टर को हिरासत में ले लिया है।

अनियंत्रित जीप गिरा, महिला की मौत

एक अन्य खबर में, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जनपद के दनकौर थानाक्षेत्र में भट्ठा गांव के पास एक जीप के अनियंत्रित होकर गंग नहर में गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका उसका पति घायल हो गया। घटना सोमवार की बताई जा रही है। दनकौर के थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि एक थार’ जीप अनियंत्रित होकर गंग नहर में गिर गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ‘थार’ जीप से घायल अवस्था में महिला को और उसके पति को बाहर निकाला। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर रीना (31) की उपचार के दौरान मौत हो गई। सिंह ने बताया कि रीना के पति मोहित का उपचार चल रहा है।

दिल्ली में सड़क हादसे में एक शख्स की गई जान

वहीं, पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 को पार कर रहे पैदल यात्री की एक तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात कल्याणपुरी थाने को गाजीपुर सीएनजी पंप के पास सड़क हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि गोविंदपुरी एक्सटेंशन निवासी जसविंदर सिद्धू (56) राष्ट्रीय राजमार्ग-9 को पैदल पार कर रहे थे, तभी उन्हें एक बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में सिद्धू और बाइक सवार 35 वर्षीय आसिफ जख्मी हो गए और उन्हें लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। बाद में सिद्धू को गुरुतेग बहादुर अस्पताल भेज दिया गया, जहां उनकी मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर के रहने वाले आसिफ का इलाज अपोलो अस्पताल में हो रहा है।

(रिपोर्ट- जुबैर अख्तर)

ये भी पढ़ें-

मध्य प्रदेश में हड़कंप, भोपाल में सड़कों पर 2 हजार से ज्यादा किसान, CM हाउस के घेराव की तैयारी

पंजाब में विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू, शिरोमणि अकाली दल अमृतसर ने 20 प्रत्याशी घोषित किए





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें