छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। झांसी-ललितपुर हाईवे पर तालबेहट के पास उनकी इनोवा कार खड़े ट्रक से पीछे जा टकराई। हादसे में प्रदेश अध्यक्ष और उनका चालक घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तालबेहट के पास उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की इनोवा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
किरण सिंह देव को आई पैर और कूल्हे में चोट
हादसे में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और उनका चालक घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस के अनुसार, बीजेपी नेता के पैर और कूल्हे में चोट आई हैं। एहतियात के तौर पर उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा है। हालांकि, फिलहाल उनकी हालत गंभीर नहीं बताई गई है।
बागेश्वर धाम से लौट रहे थे
बताया जा रहा है कि किरण सिंह देव बागेश्वर धाम, ओरछा और दतिया में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। वहीं, साथ चल रहे विधायक ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और किसी अन्य को गंभीर चोट नहीं आई है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्ट- आकाश राठौड़, झांसी









