Starter Marriage: समय बदल रहा है और उसके साथ रिश्तों को देखने का नजरिया भी तेजी से बदलता दिखाई दे रहा है. कभी शादी को जीवनभर का वादा माना जाता था, लेकिन अब कई देशों में लोग इसे अलग नजर से देखने लगे हैं. सोशल मीडिया, बदलती लाइफस्टाइल और व्यक्तिगत आजादी की सोच ने रिश्तों के मायने भी बदल दिए हैं. इन्हीं बदलावों के बीच एक नया शब्द तेजी से चर्चा में आया है-स्टार्टर मैरिज. पहली नजर में यह शब्द थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन पश्चिमी देशों में इस पर खुलकर बात हो रही है.
कुछ लोग इसे रिश्ते को समझने का व्यावहारिक तरीका मानते हैं, तो कई लोगों का कहना है कि इससे शादी जैसी संस्था की गंभीरता कम हो सकती है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर स्टार्टर मैरिज है क्या, इसकी शुरुआत कैसे हुई और क्या भविष्य में इसका असर भारत जैसे देशों पर भी देखने को मिल सकता है? आइए विस्तार से समझते हैं.
क्या है स्टार्टर मैरिज?
स्टार्टर मैरिज का मतलब ऐसी पहली शादी से है, जो आमतौर पर पांच साल या उससे कम समय तक चलती है, अगर इस दौरान पति-पत्नी को महसूस होता है कि वे एक-दूसरे के साथ लंबे समय तक खुश नहीं रह सकते, तो वे आपसी सहमति से अलग होने का फैसला कर लेते हैं. आमतौर पर ऐसी शादी में बच्चे नहीं होते और दोनों इस अनुभव को जीवन की सीख मानकर आगे बढ़ते हैं. इस सोच को मानने वाले लोगों का कहना है कि हर रिश्ता सफल हो, यह जरूरी नहीं है. इसलिए अगर शुरुआत में ही दोनों को लगता है कि उनका साथ आगे नहीं चल पाएगा, तो सम्मानजनक तरीके से अलग हो जाना बेहतर है.
स्टार्टर मैरिज शब्द की शुरुआत कैसे हुई?
स्टार्टर मैरिज शब्द पहली बार साल 1994 में चर्चा में आया था. इस शब्द का इस्तेमाल पत्रकार डेबोरा शूपैक ने अपने एक लेख में किया था, जो उस समय काफी चर्चित रहा. बाद में यह शब्द पश्चिमी देशों में रिश्तों पर होने वाली चर्चाओं का हिस्सा बन गया. हाल के वर्षों में सोशल मीडिया और पॉडकास्ट के जरिए यह शब्द फिर से लोकप्रिय हुआ है. अब कई लोग इसे आधुनिक रिश्तों की बदलती सोच का उदाहरण मानते हैं.
क्यों बढ़ रही है इस ट्रेंड की चर्चा?
बदलती प्राथमिकताएं बना रही हैं नई सोच- आज की युवा पीढ़ी करियर, आर्थिक स्वतंत्रता और मानसिक संतुलन को काफी महत्व देती है. कई लोग मानते हैं कि केवल सामाजिक दबाव की वजह से किसी रिश्ते को निभाने के बजाय खुश रहना ज्यादा जरूरी है. अगर शादी के शुरुआती वर्षों में ही दोनों के बीच लगातार मतभेद बने रहें और उन्हें भविष्य साथ नजर न आए, तो वे अलग होने का फैसला लेने से पीछे नहीं हटते.
रिश्ते को अनुभव की तरह देखने का नजरिया
कुछ लोग स्टार्टर मैरिज को जीवन का एक अनुभव मानते हैं. उनका मानना है कि पहली शादी से उन्हें खुद को और रिश्तों को बेहतर ढंग से समझने का मौका मिलता है. बाद में वे अधिक सोच-समझकर आगे का फैसला लेते हैं. हालांकि, इस सोच से हर कोई सहमत नहीं है. कई विशेषज्ञ मानते हैं कि शादी को केवल प्रयोग की तरह नहीं देखा जाना चाहिए.
भारत में कितना अलग है नजरिया?
भारत में शादी केवल दो लोगों का नहीं बल्कि दो परिवारों का रिश्ता मानी जाती है. यहां विवाह को सामाजिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक रूप से बहुत अहम माना जाता है. यही वजह है कि स्टार्टर मैरिज जैसी सोच अभी भारत में बहुत कम देखने को मिलती है. हालांकि, महानगरों में रिश्तों को लेकर सोच धीरे-धीरे बदल रही है. फिर भी अधिकांश लोग शादी को लंबे समय तक निभाने वाले रिश्ते के रूप में ही देखते हैं.
क्या स्टार्टर मैरिज सही है या गलत?
इस सवाल का कोई एक जवाब नहीं है. कुछ लोगों के लिए यह व्यावहारिक सोच हो सकती है, जबकि दूसरे लोग इसे रिश्तों की स्थिरता के लिए चुनौती मानते हैं. रिश्ता तभी मजबूत बनता है जब उसमें भरोसा, सम्मान, बातचीत और एक-दूसरे को समझने की इच्छा हो. केवल किसी ट्रेंड की वजह से शादी या तलाक का फैसला लेना सही नहीं माना जा सकता. हर रिश्ते की परिस्थितियां अलग होती हैं और फैसला भी उसी आधार पर होना चाहिए.
रिश्तों में सबसे जरूरी क्या है?
विशेषज्ञों का मानना है कि सफल वैवाहिक जीवन की नींव खुलकर बातचीत, भावनात्मक समझ, धैर्य और आपसी सम्मान पर टिकी होती है. किसी भी रिश्ते में मतभेद होना सामान्य बात है, लेकिन उन्हें सुलझाने का तरीका ही रिश्ते की मजबूती तय करता है. दूसरी ओर, अगर किसी रिश्ते में लगातार मानसिक या भावनात्मक परेशानी बनी रहे और सुधार की संभावना न दिखे, तो सम्मानजनक निर्णय लेना भी जरूरी हो सकता है.









