स्कूल की छुट्टी के बाद एक ही साइकिल पर घर लौटना, हर छोटी-बड़ी बात साझा करना और एक-दूसरे के बिना एक दिन भी न रह पाना- यह कहानी सिर्फ रिया और स्नेहा की नहीं, बल्कि हममें से कई महिलाओं की है. रिया और स्नेहा बचपन की सबसे पक्की सहेलियां थीं. लेकिन कॉलेज खत्म होते ही रिया की शादी हो गई और स्नेहा करियर के सिलसिले में दूसरे शहर चली गई.
समाजशास्त्र में महिलाओं के अटूट और आत्मीय रिश्ते को ‘सिस्टरहुड’ (Sisterhood) कहा गया है. लेकिन जीवन के अलग अलग पड़ावों पर व्यस्त जीवनशैली, बदलती प्राथमिकताओं और अनकही गलतफहमियों ने सिस्टरहुड के स्वरूप को पूरी तरह बदल दिया है.
आइए जानते हैं कि आखिर क्यों छूट जाता है पक्की सहेलियों का साथ और कैसे छोटे-छोटे प्रयासों से इस खूबसूरत रिश्ते में फिर से वही पुरानी मिठास घोली जा सकती है.
मनोवैज्ञानिक और संबंध विशेषज्ञ डॉ. बेकी स्पेलमैन की मानें तो वयस्क जीवन में दोस्ती का टूटना अक्सर किसी बड़े झगड़े से नहीं, बल्कि जीवन की प्राथमिकताओं और परिस्थितियों के धीरे-धीरे बदलने से होता है. इसे समाजशास्त्र में ‘कैजुअल ड्रिफ्ट’ (Casual Drift) कहा जाता है.
कंसास विश्वविद्यालय (University of Kansas) के एक शोध के अनुसार, दो लोगों के बीच गहरी और पक्की दोस्ती बनने में कम से कम 200 घंटों का समय लगता है. जब जीवन की व्यस्तताओं के कारण यह समय मिलना बंद हो जाता है, तो रिश्ता अपने आप कमजोर पड़ने लगता है.
वहीं, UCLA के एक शोध के मुताबिक, “महिलाओं के लिए सहेलियों का साथ सिर्फ भावनात्मक जरूरत नहीं, बल्कि जैविक जरूरत भी है. सहेलियों से बात करने पर शरीर में तनाव कम करने वाला ‘ऑक्सीटोसिन’ हार्मोन बनता है, लेकिन दूरियां आने पर यह भावनात्मक ढाल कमजोर पड़ने लगती है.”
क्यों छूट जाता है पक्की सहेलियों का साथ?
जिंदगी के सफर में समय के साथ रिश्ते का मिज़ाज भी बदलने लगता है. सहेलियों के बीच दूरी आने की मुख्य वजहें य हैं:
जीवनशैली का बदलना:
उम्र बढ़ने के साथ जिम्मेदारियां बदलती हैं. करियर की भागदौड़, शादी, ससुराल और बच्चों का पालन-पोषण, इन पड़ावों पर आते ही अक्सर महिलाओं के पास खुद के लिए भी वक्त कम पड़ जाता है. ऐसे में चाहकर भी सहेली को समय न दे पाना स्वाभाविक हो जाता है.
प्राथमिकताओं में अंतर:
कॉलेज के दिनों में जिन दो सहेलियों की सोच एक जैसी थी, वक्त के साथ उनकी जीवनशैली और नजरिया अलग हो सकता है. जब बात करने के लिए साझा विषय (common grounds) खत्म हो जाते हैं, तो बातचीत का दायरा सिमटने लगता है.
मिसकम्युनिकेशन और डिजिटल दूरियां:
आज दौर फोन से ज्यादा मैसेज का है. टेक्स्ट मैसेज में कई बार टोन समझ नहीं आती, जिससे गलतफहमियां जन्म ले लेती हैं. वक्त पर जवाब न मिलना या बात टाल देना धीरे-धीरे कड़वाहट या खामोशी में बदल जाता है.
तुलना और अनसुलझी असुरक्षा:
जाने-अनजाने जब दो सहेलियों के जीवन की गति अलग होती है जैसे एक का करियर बहुत सफल होना और दूसरी का संघर्ष करना—तो तुलना की भावना आ सकती है. इसे खुलकर न कहा जाए तो यह रिश्ते को कमजोर कर देती है.
टूटती दोस्ती को फिर से सहेजने के तरीके-
अगर आपकी भी कोई पुरानी सहेली दूर हो गई है, तो इन आसान कदमों से रिश्ता दोबारा जिंदा किया जा सकता है:
पहला कदम उठाने से न हिचकिचाएं: ईगो को किनारे रखें और बस एक मैसेज भेजें, “आज तुम्हारी बहुत याद आ रही थी, कैसी हो?” यह एक छोटा सा प्रयास सालों पुरानी कड़वाहट मिटा सकता है.
सच्चाई और ईमानदारी से बात करें: अगर आप व्यस्तता की वजह से दूर हुई थीं, तो अपनी मजबूरी साफ बताएं. बहाने बनाने के बजाय दिल से माफी मांगें या स्थिति स्पष्ट करें.
उनकी नई जिंदगी का सम्मान करें: यह स्वीकारें कि वक्त के साथ आपकी सहेली और उसकी प्राथमिकताएं बदल चुकी हैं. पुरानी उम्मीदों के बजाय उनकी नई जिंदगी को अपनाएं.
यादों का सहारा लें: पुरानी तस्वीरें, स्कूल/कॉलेज के किस्से या साथ बिताए दिनों का जिक्र किसी भी ढलते रिश्ते में नई ऊर्जा भर देता है.
सच्ची दोस्ती किस्मत से मिलती है. दूरियां आना कुदरती है, लेकिन अगर इरादा पक्का हो, तो सिस्टरहुड का यह खूबसूरत बंधन कभी टूट नहीं सकता.








