हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में मिला-जुला और सीमित दायरे में कारोबार देखने को मिल रहा है। वैश्विक बाजारों में जारी अनिश्चितता और आईटी (IT) शेयरों में तेज गिरावट के बावजूद, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की लगातार खरीदारी और कच्चे तेल की घटती कीमतों ने घरेलू बाजार को संभाला हुआ है।
शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 70.51 अंक यानी 0.09 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 77,998.66 के स्तर पर खुला, जबकि एनएसई का निफ्टी 50 भी 44.30 अंक या 0.18 फीसदी चढ़कर 24,361.45 पर ओपन हुआ।

Image Source : NSE OFFICIAL WEBSITEआज का निफ्टी50 हीटमैप
ऑटो और फाइनेंस शेयरों में बंपर खरीदारी
बाजार में सपाट रुख के बीच ऑटोमोबाइल, फाइनेंस और मेटल सेक्टर्स के शेयरों में जोरदार तेजी दर्ज की जा रही है। निफ्टी 50 के हीटमैप पर बजाज फिनसर्व और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसे शेयर टॉप गेनर्स में शामिल हैं:
- बजाज फाइनेंस: 6.20% की तूफानी तेजी के साथ ₹1,118.80 पर कारोबार कर रहा है।
- बजाज फिनसर्व: 4.11% की बढ़त लेकर ₹1,987.90 के स्तर पर पहुंच गया है।
- महिंद्रा एंड महिंद्रा: 3.08% चढ़कर ₹3,385.00 पर ट्रेंड कर रहा है।
- श्रीराम फाइनेंस: 2.12% की मजबूती के साथ ₹1,049.00 पर बना हुआ है।
- मारुति सुजुकी व बीईएल: क्रमशः 0.61% और 1.01% की हरियाली के साथ कारोबार कर रहे हैं।
सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी ऑटो 0.96%, निफ्टी मेटल 0.60%, निफ्टी फार्मा 0.59% और पीएसयू बैंक इंडेक्स 0.38% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।
IT शेयरों में आई भारी गिरावट
दूसरी तरफ, टेक और आईटी कंपनियों के शेयरों में जोरदार बिकवाली देखी जा रही है। एनएसई पर निफ्टी आईटी अकेला ऐसा सेक्टोरल इंडेक्स रहा, जो 2.26 फीसदी टूटकर लाल निशान में कारोबार कर रहा है।
- टीसीएस: 2.91% की गिरावट के साथ ₹2,361.00 पर आ गया।
- इंफोसिस: 2.74% टूटकर ₹1,123.50 पर आ गिरा।
- विप्रो: 1.87% की सुस्ती के साथ ₹182.85 के स्तर पर है।
- एचसीएल टेक व टेक महिंद्रा: क्रमशः 1.45% और 0.83% की गिरावट झेल रहे हैं।
FII की खरीदारी से मिला सहारा
ग्लोबल उथल-पुथल के बीच भारतीय बाजार के लिए सबसे राहत की बात विदेशी निवेशकों का भरोसा कायम रहना है। एफआईआई (FIIs) पिछले तीन कारोबारी सत्रों से लगातार शुद्ध खरीददार बने हुए हैं और इस दौरान उन्होंने कुल ₹7,360 करोड़ मूल्य के शेयर खरीदे हैं, जिससे सेंसेक्स-निफ्टी को निचले स्तरों पर मजबूत सपोर्ट मिल रहा है।
यह भी पढ़ें- अडाणी पोर्ट्स का प्रॉफिट 10% बढ़कर हुआ ₹3649.50 करोड़, इनकम में भी बंपर उछाल









