कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का 10वां दिन भारतीय बॉक्सर्स के लिए यादगार रहने वाला है। इस दिन इंडियन बॉक्सर्स ने बॉक्सिंग रिंग में गोल्ड मेडल की बारिश की है। भारत ने आज के दिन कुल पांच गोल्ड मेडल जीते हैं। जिसमें से 4 बॉक्सिंग में आए हैं। भारत की स्टार बॉक्सर साक्षी ने महिला 51 किग्रा वर्ग के फाइनल में इंग्लैंड की रुबी व्हाइट को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं उसके बाद प्रिया ने महिला 60 किग्रा वर्ग के फाइनल में कनाडा की मैरी बाथेल अल अहमदी को खंडित फैसले में 4-1 से हराकर एक और स्वर्ण पदक जीता।
साक्षी चौधरी ने 51 किग्रा वर्ग में जीता गोल्ड
भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला 51 किग्रा वर्ग के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड की रुबी व्हाइट को 5-0 से एकतरफा अंदाज में हराया। साक्षी ने मैच के तीनों ही राउंड में अपना पूरा दबदबा बनाए रखा और प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। मैच खत्म होते ही अपनी जीत तय देखकर साक्षी जश्न मनाने लगीं, जबकि हार का आभास होते ही रुबी व्हाइट की आंखों में आंसू आ गए। साक्षी की इस शानदार जीत के साथ ही भारत ने मुक्केबाजी स्पर्धा में भारत को तीसरा गोल्ड दिलाया।









