अमेरिका के रेस्टोरेंट में अंधाधुंध फायरिंग, 3 लोगों की मौत, 7 घायल, हमलावर भी ढेर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


बोइस (अमेरिका): अमेरिका के दक्षिणी इडाहो राज्य में एक रेस्टोरेंट में फायरिंग की घटना में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हो गए। ट्विन फॉल्स के पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मारे गए लोगों में हमलावर भी शामिल है। उन्होंने कहा कि पुलिस हमलावर की पहचान और हमले के मकसद का पता लगाने में जुटी है। हिक्स ने कहा, ”हमें लगता है कि लोगों के लिए अब कोई खतरा नहीं है। घटनास्थल पर बेहद अफरा-तफरी का माहौल था।” 

चश्मदीद ने क्या बताया?

इस घटना के एक चश्मदीद लेन कोहन (34) ने बताया कि वह ‘इन-एन-आउट’ रेस्टोरेंट के पास लाल बत्ती पर रुके हुए थे, तभी उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति ‘एआर’ शैली की राइफल लेकर निकला। उसी दौरान एक अन्य व्यक्ति ने पिस्तौल से हमलावर पर गोली चलानी शुरू कर दी। कोहन ने बताया कि उन्होंने रेस्टोरेंट की वर्दी पहने एक कर्मचारी को अपनी सहकर्मी को पार्किंग क्षेत्र में घसीटते हुए देखा, जिसे सीने में गोली लगी थी। वह कर्मचारी, कोहन और एक पिस्तौलधारी व्यक्ति उसके साथ तब तक रहे, जब तक चिकित्साकर्मी वहां नहीं पहुंच गए। उन्होंने कहा, ”उसकी हालत बहुत गंभीर थी। मुझे नहीं पता कि वह बची या नहीं, लेकिन मैं उम्मीद करता हूं कि वह सुरक्षित हो।” 

कोहन ने बताया कि पुलिस ने उन्हें वहां से निकल जाने को कहा, क्योंकि उस समय तक गोलीबारी जारी थी। उनके अनुसार यह स्पष्ट नहीं है कि उसका निशाना कोई विशेष व्यक्ति था या नहीं। सड़क के दूसरी ओर से एक ड्राइवर द्वारा बनाए गए वीडियो में एक व्यक्ति काले कपड़े पहने, लंबी राइफल लिए एक सफेद कार के पास जाता दिखाई देता है। उसने ड्राइवर की ओर का दरवाजा खोला और कार का पिछला हिस्सा खोला। इसके बाद वह पीछे जाकर उसमें कुछ तलाशने लगा। वीडियो बना रहे ड्राइवर ने यह सोचकर तुरंत वहां से गाड़ी भगा ली कि कहीं वह और हथियार न निकाल ले। 

चारों ओर मची चीख पुकार 

ट्विन फॉल्स की निवासी 43 वर्षीय हेली डोडारो ने बताया कि वह अपनी मां के साथ दोपहर का भोजन करने रेस्टोरेंट ‘इन-एन-आउट’ गई थीं। लाइन में इंतजार करते समय उन्होंने लोगों को सड़क पार भागते और रेस्तरां के कर्मचारियों को बाहर निकलते देखा। पहले उन्हें लगा कि शायद आग लग गई है, लेकिन ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे एक व्यक्ति ने बताया कि वहां गोलीबारी हुई है।  लोग रोते और चीखते हुए बाहर भाग रहे थे। यह बहुत डरावना था।

यह घटना एक व्यस्त कमर्शियल इलाके के पास हुई, जहां उस समय सैकड़ों लोग मौजूद थे। पुलिस चश्मीदों से पूछताछ कर रही है और उसने घटना के बारे में जानकारी रखने वाले लोगों से आगे आने की अपील की है। बता दें कि करीब 56,000 आबादी वाला ट्विन फॉल्स शहर बोइस से लगभग 205 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और नेवादा सीमा से लगभग 120 किलोमीटर उत्तर में स्थित है।

अमेरिका की मस्जिद में ताबड़तोड़ फायरिंग

बता दें कि इससे पहले मई महीने में सैन डिएगो की एक मस्जिद में दो हमलावरों ने गोलीबारी की थी। दोनों ने तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी ती। इस घटना के बाद दोनों हमलावरों ने खुद भी गोली मार ली। जानकारी के मुताबिक दोनों हमलावर नाबालिग थे। सैन डिएगो पुलिस प्रमुख स्कॉट वाहल ने बताया कि सैन डिएगो के इस्लामिक सेंटर पर हुए इस हमले की जांच ‘हेट क्राइम’ के तौर पर की जा रही है। (इनपुट-भाषा)

ये भी पढ़ें:


ईरान पर हमला नहीं करेगा अमेरिका, स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पूरी तरह खुलेगा, डोनाल्ड ट्रंप ने दी जानकारी

 





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें