हर किसी की लाइफ का कोई ना कोई सीक्रेट होता है, जिसे वो किसी के साथ भी कभी शेयर नहीं करना चाहते हैं. बस, अपने तक ही उसे सीमित रखना चाहते हैं. हालांकि, कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो अपनी हर छोटी-बड़ी बात तुरंत ही किसी भी बाहरी इंसान के साथ शेयर कर देते हैं. क्या आप जानते हैं ऐसा करना बिल्कुल भी सही और समझदारी वाली बात नहीं है? एक बात हमेशा याद रखें कि जरूरत से ज्यादा किसी के साथ खुलापन कई बार आपको ही नुकसान पहुंचा सकता है. ऐसा इसलिए क्योंकि आपको नहीं पता कि कौन सा इंसान कैसा है. सामने से कुछ लोग मीठी-मीठी बातें करते हैं, लेकिन अंदर से वे शातिर, चालक, झूठे और धोखा देने वाले होते हैं. ऐसे में अपनी लाइफ में कभी भी इन 5 बातों को किसी के भी साथ शेयर न करें, फिर चाहे वह आपका रिश्तेदार, दोस्त ही क्यों ना हो.
अपनी लाइफ के ये सीक्रेट्स किसी से न करें शेयर
आंख मूंद कर हर किसी पर भरोसा करने से बचना चाहिए. आपको ये बात अच्छी तरह से जान लेना चाहिए कि कौन-सी बातें निजी रखनी हैं ताकि आपके सम्मान, सुरक्षा और मानसिक शांति के लिए बेहतर हो. आपको कोई धोखा न दे, आपके साथ कोई चीटिंग, गलत व्यवहार ना करें.
1. अपनी सबसे बड़ी कमजोरी- हर व्यक्ति के अंदर कोई ना कोई भावनात्मक या प्रैक्टिल कमजोरी होती है. यदि आपके किसी सर्किल में कोई ऐसा गलत इंसान हो, जिसे आपकी कमजोरी पता चल जाए तो वह आपका पूरा लाभ उठाने की कोशिश कर सकता है. वह गुस्से, बहस या स्वार्थ के समय उसी का इस्तेमाल आपके खिलाफ कर सकता है. ऐसे में अपने बेस्ट फ्रेंड, घर के सदस्यों के अलावा किसी को न बताएं. सच में जो लोग भरोसेमंद हों, उन्हें अपनी कमजोरी के बारे में बताएंगे तो वो आपकी मदद ही करेंगे.
2. फ्यूचर प्लानिंग न करें शेयर- कई लोग हर किसी के साथ बैठकर अपनी भविष्य की सारी योजनाओं के बारे में बता देते हैं. ऐसा बिल्कुल न करें. आप आने वाले दिनों में क्या करेंगे, क्या बिजनेस खोलेंगे, काम को लेकर आपके मन में क्या विचार, न्यू आइडिया या बड़े सपने हैं, पहले ही सबको बता देने से परहेज करें. सामने वाला आपको आगे बढ़ने की बजाय आपका मनोबल गिराने की कोशिश करेगा. आपके सभी प्लान को बेकार बता देगा और कुछ दिनों बाद आपके ही आइडिया को चुरा कर काम करना शुरू कर देगा. बेहतर है कि आप अपने काम, आइडिया पर चुपचाप सोचें, योजनाएं बनाएं. जो विश्वास के लायक है, उसे ही शेयर करें.
3. घर की निजी समस्याएं- हर परिवार में उतार-चढ़ाव होते हैं. अगर आप हर किसी को अपने घर के झगड़े, पैसों की दिक्कत या रिश्तों की बातें बताने लगेंगे, तो लोग बाद में आपकी इज़्ज़त कम करेंगे. गॉसिप बनाना शुरू कर देंगे.
समस्या का समाधान भरोसेमंद व्यक्ति या सही सलाहकार से लें, सबके सामने चर्चा न करें.
4. अपनी कमाई की जानकारी किसी को न दें- काफी लोग अपनी कमाई, बिजनेस में मासिक और सालाना मुनाफा, अपनी नौकरी की सैलरी भी पूरी बता देते हैं. ऐसा बिल्कुल न करें. यदि आप हर किसी को अपनी फाइनैंशियल बातें बताने लगेंगे तो आपके लिए ही मुसीबत खड़ी हो जाएगी. कुछ को आपके पैसों, तरक्की से जलन हो सकती है. इससे बुरी नजर लगने का भी डर रहता है. बार-बार लोग आपसे उधार मांगना शुरू कर देंगे. कुछ लोग तो आर्थिक फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं. ऐसे में रुपयों-पैसों के मामले में हमेशा संतुलित और निजी रहना समझदारी है.
5. मदद का दिखावा ना करें- यदि आप किसी की मदद करते हैं, तो उसके बारे में हर किसी को बढ़-चढ़ कर बताते ना रहें. किसी की मदद करना अच्छी बात है, लेकिन उसे बार-बार बोलते रहने से उसका मोल कम हो जाता है. आप हर अच्छे काम का प्रचार करते हैं, तो लोग आपकी अच्छाई को मजबूरी समझ सकते हैं. कुछ लोग बार-बार आपका फायदा उठा सकते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि आप ‘ना’ नहीं कह पाएंगे. किसी के लिए अच्छाई करें, भलाई करें, मदद करें तो ढिंढोरा ना पीटें. अपने और दूसरों के लिए सीमाएं तय करें.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)









