भगवान खाटू श्याम के भक्तों के लिए खुशखबरी है। दरअसल, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान के सुंदरपुरा में आधुनिक खाटू श्याम रेलवे स्टेशन बनाने का ऐलान किया है। रेल मंत्री ने कहा है कि खाटू श्याम के भक्तों की सुविधा और सफर आसान बनाने के लिए सुंदरपुरा में आधुनिक खाटू श्याम रेलवे स्टेशन का निर्माण होगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया रेलवे स्टेशन
रेल मंत्री के मुताबिक, नया रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सफर का बेहतर अनुभव मिल पाए। रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर्स की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बेहतर यात्री सुविधाएं, सुगम आवागमन और मॉडर्न इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद खाटू श्याम धाम आने वाले श्रद्धालुओं का सफर पहले की तुलना में और ज्यादा आसान व सुविधाजनक हो जाएगा।
सुंदरपुरा में बनेगा आधुनिक रेलवे स्टेशन
इसको लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट भी किया, जिसमें उन्होंने लिखा, ”श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम यात्रा के लिए सुंदरपुरा में आधुनिक खाटू श्याम रेलवे स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।”
रींगस से खाटू तक नई रेलवे लाइन पर भी हो रहा काम
इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पिछले साल लोकसभा में बता चुके हैं कि राजस्थान के रींगस से खाटू तक सीधा रेल संपर्क स्थापित के लिए 254 करोड़ रुपये की लागत से 17 किलोमीटर लंबी एक नए रेल लाइन प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई। इसके लिए भूमि अधिग्रहण का काम भी शुरू हो चुका है।
हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं खाटू श्याम
बता दें कि राजस्थान के सीकर में स्थित खाटू कस्बे में ही खाटू श्याम का विख्यात मंदिर है। लाखों श्रद्धालु हर साल दिल्ली और अन्य शहरों से खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में कहा था, ‘‘खाटू श्याम जी के मंदिर जाने के लिए अभी तक मुख्य रेलवे स्टेशन रींगस है। दिल्ली से रींगस के लिए 8 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस ट्रेन वर्तमान में उपलब्ध हैं।’’
254 करोड़ की लागत से हो रहा रेल लाइन का निर्माण
उन्होंने आगे कहा, ‘‘खाटू तक सीधा रेल संपर्क देने के लिए 254 करोड़ रुपये से रींगस-खाटू श्याम जी नए रेल लाइन प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। जमीन अधिग्रहण का कार्य शुरू हो चुका है।’’ इससे पहले जून में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देश के बुलेट ट्रेन नेटवर्क के विस्तार के तौर पर दिल्ली-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन रूट का ऐलान किया था और बताया था कि अब दिल्ली-सिलीगुड़ी की दूरी सिर्फ 6 घंटे की रह जाएगी।









