8 महीने की बेटी को अपने साथ मायके ले जाना चाहती थी, विवाद के बीच ससुर के धक्के से गई बहू की जान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


महाराष्ट्र के विरार पश्चिम के नारिंगी गांव में 8 महीने की बच्ची को मायके ले जाने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। विवाद के दौरान ससुर की ओर से दिए गए धक्के से 28 वर्षीय बहू की फर्श पर गिरने से मौत हो गई। मामले में बोलींज पुलिस ने आरोपी ससुर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पारिवारिक विवाद का मामला

पुलिस के अनुसार, नारिंगी गांव के भगत आळी स्थित एकवीरा मंदिर के सामने रहने वाले गणपत सखाराम पाटील (60) और उनकी बहू प्राची कल्पेश पाटील (28) के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। मृतका के भाई विशाल अनंत पाटील (33) का आरोप है कि गणपत पाटील अक्सर प्राची के साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करते थे।

अपनी बेटी को साथ ले जाना चाहती थी प्राची

गुरुवार सुबह करीब 8:45 बजे विशाल पाटील अपनी बहन को मायके ले जाने के लिए उसके ससुराल पहुंचा। उसी समय प्राची अपनी 8 महीने की बेटी को भी साथ ले जाना चाहती थी। बच्ची ससुर गणपत पाटील के कंधे पर थी। आरोप है कि जब प्राची ने अपनी बेटी को लेने की कोशिश की तो गणपत पाटील ने बच्ची देने से इनकार कर दिया, जिससे दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

धक्का लगने से फर्श पर गिर गई बहू

विवाद के दौरान आरोपी ने प्राची को जोरदार धक्का दे दिया। धक्का लगने से वह फर्श पर गिर गई और उनके सिर में गंभीर चोट आई। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सिर में अंदरूनी गंभीर चोट के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

आरोपी ससुर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मृतका के भाई विशाल पाटील की शिकायत पर बोलींज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) और धारा 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी गणपत पाटील को गिरफ्तार कर लिया है। बोलींज पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावळे ने बताया कि आरोपी को वसई सत्र न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है। घटना के बाद से इलाके में भारी सनसनी फैल गई है।

(रिपोर्ट- हनीफ पटेल)

ये भी पढ़ें-

उत्तर प्रदेश में कांवड़ मार्ग पर निकला 10 फीट लंबा अजगर, यात्रियों में मचा हड़कंप, देखें VIDEO

VIDEO: पप्पू यादव पर चाकू से हमला, फेंके गए चप्पल, बोले- “जनता नहीं होती तो मर जाते”





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें