भोपाल: केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने एक्स हैंडल पर NEET 2026 में अखिल भारतीय स्तर पर 304वीं रैंक पाने वाले आदर्श की कहानी शेयर की है। शिवराज ने आदर्श के साथ अपना एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह आदर्श से बात करते हुए दिख रहे हैं।
संघर्ष से पूरा किया लक्ष्य
आदर्श के पिता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं, इसके बावजूद आदर्श ने हार नहीं मानी और संघर्ष करके NEET 2026 में अखिल भारतीय स्तर पर 304वीं रैंक प्राप्त की। आदर्श ने मध्य प्रदेश में शिक्षा को लेकर चल रहीं तमाम योजनाओं का लाभ लिया और अपनी राह बनाई।
आदर्श ने शिवराज सिंह चौहान से बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने पढ़ाई के दौरान न ही मोबाइल चलाया और न ही टीवी देखी। उन्होंने इस दौरान किसी भी तरह की कोई अन्य किताब नहीं पढ़ी बल्कि अपना फोकस केवल NEET 2026 की परीक्षा को रखा और उससे जुड़े सिलेबस पर ही फोकस किया।
आदर्श ने बताया कि वह एक साल तक अपने घरवालों से भी नहीं मिले और केवल पढ़ाई पर ध्यान दिया। आदर्श के परिजनों ने भी बेटे के सपने को पूरा करने के लिए दिल को मजबूत किया और उसकी पढ़ाई में कहीं भी बाधा नहीं बने।
आदर्श ने शिवराज से बातचीत करने के दौरान ये भी बताया कि वह जिस माहौल से आते हैं, वहां कोई अपने बच्चों को बाहर नहीं भेजता क्योंकि तमाम परेशानियां होती हैं लेकिन आदर्श ने अन्य बच्चों को ये प्रेरणा दी कि जिस तरह उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ लिया, वैसे ही अन्य लोग भी इन योजनाओं का लाभ लेकर अपना भविष्य उज्जवल बना सकते हैं।

Image Source : X/@CHOUHANSHIVRAJशिवराज सिंह चौहान के साथ आदर्श
शिवराज ने आदर्श को क्या सलाह दी?
मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम रहे शिवराज सिंह चौहान ने आदर्श को योगा और ध्यान करने की भी सलाह दी। शिवराज ने ध्यान के फायदे बताते हुए कहा कि इसे करने से एकाग्रता में काफी लाभ मिलता है। शिवराज ने अपने एक्स हैंडल पर इस पूरी बातचीत का वीडियो पोस्ट किया है।
शिवराज ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, “कुछ कहानियां केवल सफलता की नहीं होतीं, वे संघर्ष, संकल्प और सपनों की ताकत का प्रमाण बन जाती हैं। ऐसी ही प्रेरणादायी कहानी है हमारे भांजे आदर्श की, जिन्होंने NEET 2026 में अखिल भारतीय स्तर पर 304वीं रैंक प्राप्त की।”
शिवराज ने कहा, “आदर्श के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद आदर्श ने कभी अपने सपनों को छोटा नहीं होने दिया। आदर्श ने तैयारी के दौरान मोबाइल, टीवी और अन्य डिस्ट्रेक्शन्स से स्वयं को दूर रखा और पूरी निष्ठा के साथ केवल अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित किया। उसकी अथक मेहनत, अनुशासन और अटूट संकल्प ने आज उस मुकाम पर पहुंचा दिया है, जहां पूरा परिवार, समाज और देश उस पर गर्व कर रहा है। आप भी हमारे भांजे आदर्श की यह प्रेरणादायी कहानी सुनिए और विश्वास रखिए कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदार हो और इरादे मजबूत हों, तो परिस्थितियाँ कभी भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं।”
शिवराज ने आदर्श को गिफ्ट में किताब और लैपटॉप दिया
नीट एग्जाम में शानदान सफलता पाने वाले आदर्श को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लैपटॉप गिफ्ट किया और कहा कि इससे पढ़ाई में मदद मिलेगी। शिवराज ने आदर्श को मिठाई भी खिलाई और ‘अपनापन’ किताब भी भेंट की।
ये भी पढ़ें-
शिवराज सिंह चौहान की किताब ‘अपनापन’ का लोकार्पण, बोले- “PM मोदी से जो सीखा, वह देश को समर्पित”









