बाराबनी के गौरांडी जंगल में पेड़ से लटके मिले वृद्ध महिला और युवक के शव, इलाके में फैली सनसनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के बाराबनी थाना क्षेत्र स्थित गौरांडी जंगल में रविवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के जंगल से एक वृद्ध महिला और एक युवक का शव पेड़ की एक ही डाल से फंदे पर लटका मिला। इस घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर बाराबनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने सबसे पहले देखे शव

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7 बजे कुछ ग्रामीण जंगल में सूखी लकड़ी इकट्ठा करने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ से लटके दो शवों पर पड़ी। मृतकों में एक की उम्र लगभग 55 वर्ष और दूसरे की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। दोनों के शव एक ही पेड़ की डाल से रस्सी के सहारे लटके हुए थे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारकर प्रारंभिक जांच की और पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया।

पहचान जुटाने में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि दोनों मृतकों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उनके बीच क्या संबंध था और वे किस इलाके के रहने वाले थे, इसकी भी जांच की जा रही है। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि सुबह जंगल में लकड़ी काटने के दौरान उन्होंने दोनों शव देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। उनका कहना है कि वे दोनों स्थानीय निवासी प्रतीत नहीं होते।

हत्या या आत्महत्या? जांच जारी

पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य स्थान पर हत्या के बाद शवों को यहां लाकर लटकाया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। बाराबनी थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई इन दोनों मृतकों की पहचान के संबंध में जानकारी रखता हो तो तत्काल पुलिस से संपर्क करे। घटना के बाद गौरांडी इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ें-

बर्दवान में कथित रूप से घर में घुसकर नाबालिग से दरिंदगी की कोशिश, 3 लोगों पर मामला दर्ज, एक गिरफ्तार





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें