बर्दवान जीआरपी को मिली बड़ी सफलता, राजस्थान से सकुशल बरामद हुई 1 महीने से लापता दो स्कूली छात्राएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


करीब एक महीने की लगातार जांच और तलाश के बाद पश्चिम बंगाल के बर्दवान रेलवे स्टेशन की जीआरपी ने लापता दो स्कूली छात्राओं को राजस्थान से बरामद कर, उन्हें उनके परिजनों को सकुशल वापस सौंप दिया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न स्रोतों से जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने 31 जुलाई को राजस्थान के फूलबाग इलाके से दोनों छात्राओं को बरामद किया था। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद 2 अगस्त को उन्हें उनके परिवार के हवाले कर दिया गया।

घर से फरार हो गई थीं दोनों छात्राएं

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को मेमारी की दो स्कूली छात्राएं रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचीं। बताया गया कि पांच छात्राएं एक साथ घर से निकली थीं, जिनमें से तीन स्कूल चली गईं, जबकि दो छात्राएं मेमारी में ही रुक गईं। आरोप है कि उन्होंने अपने पास मौजूद करीब दो हजार रुपये और कुछ चांदी के आभूषण बेचकर एक मोबाइल फोन खरीदा और बिना किसी को बताए पहले बिहार और बाद में राजस्थान चली गईं।

परिजनों ने बर्दवान जीआरपी थाने में दर्ज कराई शिकायत

परिजनों ने पहले मेमारी थाने में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन बाद में मामला बर्दवान जीआरपी के अधिकार क्षेत्र का होने के कारण 14 जुलाई को परिवार वालों ने बर्दवान जीआरपी थाने में इस बारे में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद जीआरपी ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और अन्य सुरागों के आधार पर दोनों छात्राओं का पता लगा लिया गया। 

इस वजह से घर छोड़कर चली गईं थीं दोनों छात्राएं

पुलिस पूछताछ में छात्राओं ने बताया कि वे घर में डांट-फटकार से नाराज होकर काम की तलाश में घर छोड़कर चली गई थीं। राजस्थान में वे एक फैक्ट्री के गोदाम में रह रही थीं। पुलिस ने वहां उन्हें रहने और काम की व्यवस्था कराने के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। लगभग एक महीने की मेहनत के बाद दोनों छात्राओं को सुरक्षित बरामद कर परिवार के हवाले किए जाने को बर्दवान जीआरपी की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

(बर्दवान से संतोष कुमार मंडल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें:

बर्दवान में कथित रूप से घर में घुसकर नाबालिग से दरिंदगी की कोशिश, 3 लोगों पर मामला दर्ज, एक गिरफ्तार





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें