पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना आज सुबह से ही जारी है। इस चुनाव में बीजेपी, आरजेडी और आरजेडी समेत कई निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। बांकीपुर सीट पर कुल 31 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इन उम्मीदवारों में ‘लालू प्रसाद यादव’ और ‘नीतीश कुमार’ का नाम भी चर्चा में है। ये दोनों ही नेता बांकीपुर सीट पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। 15वें राउंड तक हुई मतगणना की बात करें तो ‘लालू प्रसाद यादव’ को 43 वोट मिले हैं, जबकि ‘नीतीश कुमार’ को 65 वोट मिले हैं, जो कि NOTA से भी कम है। बता दें कि 15वें राउंड तक NOTA पर 304 वोट पड़े।
बांकीपुर सीट पर कौन आगे चल रहा?
अधिकारियों के अनुसार, बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के दौरान जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। 15वें राउंड की मतगणना तक प्रशांत किशोर ने बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा पर 8202 वोटों की बढ़त बना ली है। वहीं जन सुराज पार्टी के मुख्यालय में समर्थकों के बीच जश्न का माहौल देखा जा रहा है।
किसे कितने वोट मिले?
15वें राउंड की मतगणना तक राजनीतिक रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर को 29752 वोट मिले, जबकि नीरज सिन्हा को 21550 वोट मिले। वहीं आरजेडी की उम्मीदवार रेखा गुप्ता 6755 वोट मिले हैं, जिसके साथ वह तीसरे स्थान पर रहीं। बता दें कि बांकीपुर सीट पर कुल 31 राउंड की गिनती होनी है। यहां सोमवार सुबह 8 बजे से उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हुई है। सबकी नज़रें इस बात पर टिकी थीं कि क्या पहली बार चुनाव लड़ रहे किशोर बीजेपी से यह सीट छीन पाते हैं या नहीं।
यहां देखें बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना का अपडेट
नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद हो रहा उपचुनाव
यह उपचुनाव बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद कराना पड़ा, जिन्होंने अप्रैल में राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद यह सीट छोड़ दी थी। बीजेपी ने युवा विंग के कम चर्चित नेता नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा है। वहीं आरजेडी की रेखा गुप्ता, जो 2025 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी के नितिन नवीन से 50,000 से अधिक वोटों के अंतर से हार गई थीं, उन्हें उनकी पार्टी ने फिर से मैदान में उतारा है। इससे पहले 30 जुलाई को हुए उपचुनाव में बांकीपुर सीट पर 34.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले विधानसभा चुनावों में दर्ज 41.45 प्रतिशत से सात प्रतिशत से अधिक कम है।
यह भी पढ़ें-
“होइहि सोइ जो राम रचि राखा”, कोर्ट से बरी होने के बाद बोले बृजभूषण सिंह, बताया खुशी का दिन








