ग्रेटर नोएडा की फैक्ट्री में भीषण आग, दीवार और बीम गिरने से 2 दमकलकर्मियों की मौत, 3 घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 में एक कंपनी में भीषण आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया।  इसी दौरान कंपनी की साइड की एक दीवार एवं लोहे का एक बीम गिर जाने के कारण दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक दिनांक 03/04 अगस्त की रात ईकोटेक 3 क्षेत्रान्तर्गत ILGIM कंपनी ईकोटेक 3 (जिसमें इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का कार्य होता है) में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत से आग पर काबू पा लिया। लेकिन इसी दौरान कंपनी की साइड की एक दीवार एवं लोहे का एक बीम गिर जाने के कारण फायर ब्रिगेड के पांच कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव शामिल हैं। सभी को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन अन्य घायल दमकलकर्मियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। घटना के बाद पुलिस अधिकारी और SDRF की टीम मौके पर मौजूद है। हादसे को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

 





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें