नीरज चोपड़ा अब डायमंड लीग में होंगे एक्शन में, अरशद नदीम और रूमेश पथिरागे से होगा सामना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


भारत के दिग्गज जैवलिन थ्रो खिलाड़ी और ओलंपिक गोल्ड मेडल विनर नीरज चोपड़ा 21 अगस्त को होने वाली लॉजेन डायमंड लीग प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। 3 अगस्त को आयोजकों ने इस बात की पुष्टि की। एथलेटिसिमा के नाम से जानी जाने वाली इस प्रतियोगिता में नीरज चौथी बार खेलते हुए नजर आएंगे। हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स में 85.83 मीटर दूर भाला फेंककर सिल्वर मेडल हासिल करने के बाद, नीरज अब इस टूर्नामेंट के जरिए अपनी पुरानी और बेहतरीन फॉर्म में वापस लौटने की पूरी कोशिश करेंगे।

नीरज चोपड़ा का श्रीलंका के रुमेश पथिरागे से होगा सामना

28 साल के नीरज चोपड़ा ने 2022 में 89.08 मीटर के बेहतरीन थ्रो के साथ यह मुकाबला जीता था और अगले साल भी 87.66 मीटर भाला फेंककर अपनी जीत का सिलसिला बनाए रखा। इसके बाद 2024 के लॉजेन डायमंड लीग में 89.49 मीटर के जबरदस्त प्रदर्शन के बावजूद वह उस प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहे थे। 2026 की इस प्रतियोगिता में कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है, क्योंकि हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स का गोल्ड जीतने वाले श्रीलंका के रुमेश पथिरागे भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने CWG 2026 में 89.75 मीटर का सबसे बेहतरीन थ्रो करके पहला स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल जीता।

लॉजेन डायमंड लीग में कई अनुभवी खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

इस प्रतियोगिता में पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम भी हिस्सा लेंगे, जिससे फैंस को एक बार फिर रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। उनके अलावा, दो बार के वर्ल्ड चैंपियन एंडरसन पीटर्स, जर्मनी के थॉमस रोहलर और त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशॉर्न वालकोट जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी जैवलिन थ्रो में मैदान में अपना दम दिखाते हुए नजर आएंगे।

दोहा डायमंड लीग में चौथे स्थान पर रहे थे नीरज चोपड़ा

लॉजेन डायमंड लीग इस साल नीरज चोपड़ा का तीसरा बड़ा मुकाबला होगा। इससे पहले जून में हुई दोहा डायमंड लीग में वे चौथे नंबर पर रहे थे और फिर कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता। गंभीर चोट की वजह से लंबे समय तक खेल से दूर रहने और टोक्यो में हुई वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के बाद आराम लेने के बाद नीरज ने इस साल मैदान पर वापसी की है। इस पूरे सीजन में उनका सबसे शानदार प्रदर्शन ग्लासगो के कॉमनवेल्थ गेम्स में ही देखने को मिला है।

लॉजेन डायमंड लीग 2026 जैवलिन थ्रो एंट्री लिस्ट

  • एंडरसन पीटर्स (ग्रेनाडा)
  • अरशद नदीम (पाकिस्तान)
  • कर्टिस थॉम्पसन (USA)
  • जाकुब वाडलेच (चेकिया)
  • जूलियन वेबर (जर्मनी)
  • केशॉर्न वॉलकॉट (त्रिनिदाद और टोबैगो)
  • नीरज चोपड़ा (भारत)
  • रुमेश पथिरागे (श्रीलंका)
  • साइमन वीलैंड (स्विट्जरलैंड)
  • थॉमस रोहलर (जर्मनी)

यह भी पढ़ें

नीरज चोपड़ा ने कहा था भाले को एक लाइन में रखो, यशवीर सिंह ने CWG 2026 में ब्रॉन्ज जीतने के बाद किया खुलासा

ज्ञानेश्वरी यादव को मिलेगा 30 लाख का इनाम और प्रमोशन, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय का बड़ा ऐलान





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें