नई दिल्लीः थाइलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ़्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए टर्बुलेंस (हवा के झटकों) का सामना करना पड़ा। इससे अचानक हवा में तेज झटके लगे। इस घटना में कई यात्रियों को चोट लगने की सूचना है। हालांकि आधिकारिक आंकड़ा आना अभी बाकी है।
हवा में 300 फ़ीट नीचे गिरा विमान
फ़्लाइट ट्रैकिंग साइट flightradar24.com के मुताबिक, फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ़्लाइट में उस समय अफरातफरी मच गई, जब हवा के तेज़ झोंकों (टर्बुलेंस) की वजह से विमान अचानक करीब 300 फ़ीट नीचे आ गया। इस घटना में कुछ यात्रियों और क्रू मेंबर्स को मामूली चोटें आईं। ऐसा टर्बुलेंस या हवा के ऊपर-नीचे के बहाव (अपड्राफ़्ट/डाउनड्राफ़्ट) की वजह से हुआ हो सकता है। यह फ़्लाइट सुबह 8:25 बजे फुकेत से रवाना हुई और सुबह 11:50 बजे (भारतीय मानक समय) दिल्ली में सुरक्षित उतरी। लैंडिंग के बाद सभी यात्री और क्रू सुरक्षित बाहर निकल आए।
कई यात्रियों को लगी चोट
एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली जाने वाली फ़्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए टर्बुलेंस (हवा के झटकों) का सामना करना पड़ा, जिससे विमान की ऊंचाई में अचानक थोड़ा बदलाव आया। विमान दिल्ली में सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री व क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर आ गए। अभी तक किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। जिन कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं और जिन्हें मेडिकल जांच की ज़रूरत है, उन्हें एहतियात के तौर पर जांच और देखभाल के लिए एयर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ़ द्वारा एयरपोर्ट पर ही मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाया गया है।
यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई एयर इंडिया के लिए सबसे ज़रूरी है। हम प्रभावित लोगों को हर ज़रूरी मदद दे रहे हैं और जांच के सिलसिले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। इससे पहले अभी हाल में ही दिल्ली से वडोदरा जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में उड़ान के दौरान विंडो का अंदरूनी कवर निकल गया था। इससे यात्री घबरा गए थे।
कुछ यात्रियों को गंभीर चोट लगने की सूचना
वीडियो में एक पुरुष यात्री को एम्बुलेंस में ले जाते हुए देखा गया। उसके चेहरे और सिर पर पट्टी बंधी थी, जिससे उसकी एक आंख पूरी तरह ढकी हुई थी। जोकि टर्बुलेंस की घटना में लगी चोट की गंभीरता को दिखा रहा था। एयर इंडिया की एक महिला क्रू मेंबर को व्हीलचेयर पर ले जाते हुए देखा गया, जिसके गले में कॉलर लगा हुआ था।









