उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 27 किलो चांदी लूटकांड के दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेशी के दौरान जब पत्रकारों ने आरोपियों से उत्तर प्रदेश पुलिस के बारे में सवाल किया, तो उन्होंने कहा, “योगी की पुलिस बहुत मारती है साहब। अब कभी अपराध नहीं करेंगे।” अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी वाराणसी के चौक स्थित सोनारा मार्केट में हुई 27 किलो चांदी की लूट के मामले में वांछित थे। गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में अदालत में पेशी के दौरान दोनों व्हीलचेयर पर नजर आए। इसी दौरान का उनका वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ दिल्ली, जयपुर समेत कई राज्यों में लूट और अन्य आपराधिक मामलों के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
गोवध मामले का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल
एक अन्य खबर में, यूपी के बागपत जिले में कथित गोवध के एक मामले में वांछित एक आरोपी 27 जुलाई को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दिन में दोघट थाना क्षेत्र के फौलादनगर गांव में स्थित एक मकान में प्रतिबंधित पशु के कथित वध की सूचना पर छापेमारी की गई। पुलिस ने बताया कि मौके से प्रतिबंधित पशु के अवशेष बरामद किए गए। फॉरेंसिक विभाग की टीम ने नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, मौके से एक महिला को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसके परिजनों की कथित संलिप्तता सामने आने पर दोघट थाने में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि शाम के समय फौलादनगर निवासी वांछित आरोपी जावेद उर्फ जावेद को सरौरा के जंगल क्षेत्र में पकड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में आरोपी ने पुलिस दल पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बड़ौत के पुलिस क्षेत्राधिकारी अंशु जैन ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
(रिपोर्ट- अश्वनी त्रिपाठी)
ये भी पढ़ें-
प्रयागराज में दिल दहला देने वाली वारदात, रात के अंधेरे में 3 गूंगे लोगों की धारदार हथियार से हत्या
किन्नर को प्यार के जाल में फंसाया, फिर किया निकाह; पति बन ऐंठ लिया 13 लाख रुपये, सोने-चांदी और वाहन









