Funny Prank Ideas : आज 1 अप्रैल है, यानी साल का वो दिन जब ‘बेवकूफ’ बनने पर बुरा नहीं माना जाता, बल्कि ठहाके लगाए जाते हैं. लेकिन क्या आप अभी भी वही पुराने ‘सिक्का चिपकाने’ या ‘पीठ पर कागज चिपकाने’ वाले प्रैंक्स इस्तेमाल कर रहे हैं? अगर हां तो ये प्रैंक्स अब काम नहीं आएंगे. याद रहे कि बदलते जमाने में टेक्नोलॉजी और क्रिएटिविटी के साथ प्रैंक्स का अंदाज भी बदल गया है. अगर आप अपने दोस्तों, ऑफिस के सहकर्मियों या परिवार के साथ कुछ यादगार और मजेदार करना चाहते हैं, तो ये नए और धमाकेदार प्रैंक आइडियाज आपके काम आएंगे.
1. माउस का ‘मैजिक’
ऑफिस में अपने किसी साथी को परेशान करने का यह सबसे आसान और मजेदार तरीका है. उनके वायरलेस माउस के सेंसर के नीचे एक छोटा सा स्टिकर या टेप चिपका दें. जब वे काम करने बैठेंगे, तो माउस हिलेगा ही नहीं. वे परेशान होकर सेल बदलेंगे या रीस्टार्ट करेंगे, लेकिन असली वजह उनके माउस के नीचे छिपी होगी. बस ध्यान रहे, जब वे ज्यादा परेशान हो जाएं, तो चुपके से ‘हैप्पी अप्रैल फूल’ बोल दें!
2. स्क्रीनशॉट वाली शरारत
यह प्रैंक घर और ऑफिस दोनों जगह काम करता है. अपने दोस्त के लैपटॉप या फोन की होम स्क्रीन का स्क्रीनशॉट लें. अब सारे ऐप्स को किसी फोल्डर में छुपा दें और उस स्क्रीनशॉट को वॉलपेपर बना दें. आपका दोस्त स्क्रीन पर क्लिक करता रह जाएगा, लेकिन कोई भी ऐप खुलेगा नहीं. उनकी उलझन देखकर आपको जो हंसी आएगी, वो दिन बना देगी.
3. ‘अनकटेबल’ केक या सैंडविच
घर पर सुबह के नाश्ते में एक छोटा सा मजाक करें. एक सैंडविच बनाएं लेकिन उसके अंदर की फिलिंग की जगह कार्डबोर्ड का एक टुकड़ा रख दें (सावधानी से). जब कोई उसे काटने या खाने की कोशिश करेगा, तो वो हैरान रह जाएगा. इसके अलावा, साबुन की टिकिया पर ट्रांसपेरेंट नेल पॉलिश लगा दें और उसे बाथरूम में रख दें. वह साबुन कभी झाग ही नहीं देगा!
4. ऑटो-करेक्ट सेटिंग होगा मजेदार
अगर आपको अपने किसी करीबी का फोन अनलॉक मिल जाए, तो उनके कीबोर्ड सेटिंग्स में जाकर ‘ऑटो-करेक्ट’ के साथ खेलें. जैसे ‘Hello’ को ‘I am a fool’ से रिप्लेस कर दें. अब वे जिसे भी हैलो भेजेंगे, फोन खुद-ब-खुद मजेदार संदेश टाइप कर देगा. यह प्रैंक जितना सिंपल है, उतना ही मजेदार भी.
सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.
5. वॉइस एक्टिवेट करें ‘कुछ भी’
ऑफिस के कॉफी मेकर या टोस्टर पर एक छोटा सा प्रिंटेड नोटिस चिपका दें: “अब यह मशीन वॉइस एक्टिवेटेड है, कृपया अपना ऑर्डर बोलकर दें.” दूर से बैठकर देखें कि कैसे लोग कॉफी मशीन के सामने खड़े होकर “एक कप चाय” या “कॉफी” चिल्ला रहे हैं. यह नजारा किसी कॉमेडी फिल्म से कम नहीं होगा.
सावधानी की बात जानना जरूरी:
प्रैंक करते समय हमेशा ध्यान रखें कि इससे किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचे, कोई चोट न लगे या किसी का कीमती सामान खराब न हो. अप्रैल फूल का मकसद सिर्फ चेहरे पर मुस्कान लाना होना चाहिए.